शिमला : हिमाचल प्रदेश में मौसम ने फिर करवट ली है। राज्य के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में हल्का हिमपात हो रहा है। राजधानी शिमला में भी बर्फबारी की उम्मीद जगी है। दोपहर को भी बारिश और ओलावृष्टि हुई। गुरूवार को सुबह से आसमान पर बादल छाए हुए थे। शाम करीब पांच बजते ही शिमला में ओलावृष्टि शुरू हो गई। मौसम के मिजाज को देखते हुए सैलानी राजधानी में बर्फबारी की आस लगाए हुए हैं। शिमला में इस विंटर सीजन में दो बार बर्फ गिरी है। यहां बीते 13 दिसम्बर व 15 दिसम्बर को बर्फबारी हुई थी। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने आगामी छह दिन राज्य में बारिश व बर्फबारी की संभावना जताई है।
निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि राज्य के मैदानी इलाकों में आठ जनवरी तक गरज के साथ बारिश और पर्वतीय हिस्सों में बर्फबारी होगी। शिमला में भी इस अवधि के दौरान हल्का हिमपात हो सकता है। इससे तापमान में गिरावट आने से ठंड का प्रकोप और अधिक बढ़ जाएगा। इस बीच राज्य में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। विख्यात पर्यटन स्थलों में पारा माइनस में चल रहा है। शिमला से सटे पर्यटन स्थल मनाली में बुधवार की रात तापमान -2.6 डिग्री और मनाली में -1.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं शिमला व डलहौजी सहित ज्यादातर जगहों पर तापमान जमाव बिंदु के करीब बना हुआ है।
लाहौल-स्पीति जिले का मुख्यालय केलंग राज्य में सबसे ठंडा स्थल बना हुआ है। जहां तापमान -11 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। किन्नौर के कल्पा में न्यूनतम तापमान -3.8, सियोबाग में शून्य, सुंदरनगर में 0.1, सोलन में 0.5, भुंतर में 1.2, डलहौजी व शिमला में 1.7, ऊना में 1.8, चंबा में 1.9, धर्मशाला में 2.2, पालमपुर में 2.5, हमीरपुर में 2.7, मंडी में 3.1, कांगड़ा में 4.2 और जुब्बड़हट्टी में 4.8 डिग्री सेल्सियस रहा।