हमीरपुर: भोरंज उपमंडल के लदरौर कस्बे में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब स्थानीय निवासी जगदेव चंद (40) पुत्र धनीराम निवासी गांव लदरौर खुर्द का शव संदिग्ध अवस्था में गहरी खाई में पड़ा हुआ मिला। एक महिला जब घास काटने गई तो उसकी नजर शव पर पड़ी। उसने आसपास के लोगों को एकत्रित किया। लोगों ने तत्काल पंचायत प्रधान को जानकारी दी। प्रधान ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस सूचना मिलते ही घटनास्थल पर रवाना हा गई। इसी बीच उक्त घटना की जानकारी मिलते ही डीएसपी बड़सर जसवीर ने घटनास्थल का दौरान किया।
उल्लेखनीय है कि जगदेव चंद घर से गत 13 दिसंबर से लापता था। उसकी परिजनों ने तलाश भी की परंतु उसका कोई अता-पता नहीं चल सका। आखिर परिजनों ने इसकी गुमशुदगी की शिकायत भोरंज पुलिस थाने में दर्ज करवाई। आखिरकार सोमवार को शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। जगदेव मजदूरी का कार्य करता था। परिवार व गांव वालों ने इसके शव को लेकर कई तरह की शंकाएं जताई हैं। एसपी ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर केस दर्ज कर लिया है।
पोस्टमार्टम के लिए शव को हमीरपुर मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। मृतक अपने पीछे दो बच्चे व पत्नी छोड़ गया है। हर कोई जगदेव चंद की मृत्यु पर अपने अपने कयास लगा रहा है। इस संदर्भ में जिला पुलिस अधीक्षक अर्जित सेन से बात की तो उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है। वास्तव स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद पता चलेगी। इस संदर्भ में पुलिस परिजनों व गांव वालों से पूछताछ करेगी। उसके बाद ही वास्तव स्थिति का पता चल सकेगा।