शिमला : सूबे में मंत्रिमंडल विस्तार की कवायद अंतिम चरण में पहुंचती नजर आ रही है। प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर मंगलवार को दिल्ली में थे। इसी दिन विधानसभा अध्यक्ष भी देश की राजधानी पहुंचे हुए थे। लिहाजा, यह चर्चा चल रही है कि क्या इत्तफाक था या फिर मंत्रिमंडल विस्तार वजह थी।
मीडिया रिपोर्ट में तो यह भी कहा गया है कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल के बीच दिल्ली में ही एक बंद कमरे में मंत्रणा भी हुई। हाल ही में अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले के उदघाटन अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने बेहद ही आत्मविश्वास से कहा था कि सीएम ने उन्हें अपना भरत बनाकर भेजा है। राजनीतिक हलकों में विधानसभा अध्यक्ष का बयान काफी चर्चा में रहा। अहम बात यह भी है कि मंगलवार को दिल्ली में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जिन केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की, करीब-करीब उन्हीं मंत्रियों से अपने विधानसभा के विकास कार्यों का तर्क लेकर स्पीकर डॉ. बिंदल भी मिले।
इससे यह साफ जाहिर होता जा रहा है कि नूरपुर के विधायक राकेश पठानिया के साथ डॉ. राजीव बिंदल भी मंत्री बनने की अग्रिम दौड़ में शामिल हैं। अटकलें तो यह भी हैं कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का यह दिल्ली दौरा इस कारण ही है, क्योंकि उन्हें केंद्रीय नेतृत्व की हरी झंडी मिलने के बाद मंत्रिमंडल का विस्तार करना है। अब देखना यह है कि जयराम सरकार अपने दो साल के जश्न से पहले मंत्रिमंडल विस्तार की चुनौती का सामना कैसे करती है।
सनद रहे कि सोमवार की मंत्रिमंडल की बैठक में राज्य सरकार ने सरकार के दो साल पूरे होने पर राजधानी में बड़ा कार्यक्रम आयोजित करने का फैसला भी लिया है। नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या इससे पहले संतुलन बनाकर मंत्रिमंडल का विस्तार कर लिया जाएगा या नहीं।
Latest
- VIRAL VIDEO : एक नहीं 8-8 बार वोट कर रहा युवक..!
- मांगलौत जंगल की आग ने हजारों पक्षियों व जानवरों से छीना आशियाना, पशु प्रेमी मायूस
- कांगड़ा संसदीय क्षेत्र में 21518 सैन्य जवानों को ई-ट्रांसमिशन से भेजे जाएंगे पोस्टल बैलेट
- घर में फंदे पर झूलता मिला 32 वर्षीय युवक का शव
- विक्रमादित्य सिंह के परिवार ने स्कूटरों पर बेचे थे सेब, आज खुद है जमानत पर