सोलन : महर्षि बाल्मीकि के 73वें जिला स्तरीय प्रकटोत्सवपर्व का वाल्मीकि सभा द्वारा आयोजन किया गया। समारोह में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम का आगाज महर्षि बाल्मीकि की शोभा यात्रा से किया गया। शोभा यात्रा में भगवान राम के विभिन्न रूपों को दर्शाया गया।
शोभा यात्रा में सबसे आगे लवकुश अश्वमेघ यज्ञ का घोडा लेकर चल रहे थे। जगह-जगह भंडारों का भी आयोजन किया गया। इस अवसर पर महर्षि वाल्मीकि की शिक्षाओं को दर्शाया गया। उनके बताए रास्ते पर चलने का आह्वान किया गया। वाल्मीकि सुधार सभा के प्रधान प्रेम चंद मट्टू ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि की शिक्षाएं आज भी प्रांसगिक हैं।
उन्होंने अपनी शिक्षाओं के माध्यम से सभी को सद्मार्ग पर चलने तथा मानव जाति के कल्याण का मार्ग दिखाया है। उन्होने कहा कि महर्षि वाल्मीकि की शिक्षाओं को अपनाकर समाज से भेदभाव एवं छूआछूत को समाप्त किया जा सकता है। उन्होंने सभी से जीवन मे स्वच्छता अपनाने और गुणात्मक शिक्षा ग्रहण करने पर बल दिया।