सोलन : खुम्ब अनुसंधान निदेशालय चंबाघाट के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. बृजलाल अत्री ने एक अनोखा कारनामा कर दिखाया है। इसे लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड में भी दर्ज किया गया है। दरअसल, डॉ. अत्री ने मुक्तेश्वर (नैनीताल) में एक गेंदे का पौधा लगाया है। हर कोई उस समय दंग रह गया, जब इस पौधे पर 865 फूल खिले।
2015 में उन्होंने इस पौधे को पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान मुक्तेश्वर स्थित अपने आवास के बगीचे में लगाया था। अच्छी देखभाल, समय-समय पर सिंचाई व उर्वरकों के कारण एक पौधे का आकार काफी बड़ा हो गया। इस पौधे में 865 फूल खिले, जो एक रिकॉर्ड था। डॉ. अत्री ने साक्ष्यों के साथ इसे लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्डस के गुरुग्राम कार्यालय को 2017 में भेजा था।
हालांकि इसे 2017 में ही रिकॉर्डस में शामिल कर लिया गया था, लेकिन इसका प्रमाणपत्र हाल ही में डॉ. अत्री को मिला है। इसके बाद ही उन्होंने अपने इस अनोखे रिकॉर्ड का खुलासा किया है।