बिलासपुर : रविवार को जनमंच कार्यक्रम में हुए हंगामे के बाद विधायक राम लाल ठाकुर ने सोमवार को पत्रकारवार्ता में भाजपा व भाजपा के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता रणधीर शर्मा पर कई सवाल उठाए हैं। उन्होंने पुछा कि रणधीर शर्मा बताएं प्रदेश सरकार के जनमंच कार्यक्रम में वह किस आधार पर आए थे और मंत्री सरवीण चौधरी के सामने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के उत्तर किस आधार दे रहे थे। उन्होंने कहा कि जनमंच जैसे कार्यक्रमों को पार्टी का कार्यक्रम न बनाकर सरकार लोगों की समस्याएं सुलझाए।
उन्होंने रणधीर शर्मा के उस वक्तव्य पर भी सवाल उठाए जिसमें रणधीर शर्मा ने कहा कि नेशनल हाईवे राष्ट्रीय राजमार्ग-21 अब प्रदेश सरकार के अधीन आ गया है। उन्होंने कहा कि रणधीर शर्मा बताएं कि राष्ट्रीय राजमार्ग की नोटिफिकेशन कब रद्द हुई और कब यह प्रदेश सरकार के अधीन आया। रणधीर शर्मा लोगों को गुमराह कर रहे हैं और अधिकारियों से सवाल जवाब करते रहे। रामलाल ठाकुर ने कहा कि वह लोगों की आवाज को बुलंद करते रहेंगे और सरकार का कोई भी कार्यक्रम हो वह जनहित के लिए वहां पर जाएंगे, फिर चाहे पुलिस का पहरा लगाया जाए।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने आरोप लगाए कि फोरलेन का काम पिछली कांग्रेस सरकार ने बंद किया, लेकिन इस समय तो केंद्र और प्रदेश में भाजपा की ही सरकार है तो फोरलेन का कार्य क्यों नहीं शुरू करवाया जा रहा। ठेकेदरों के करोड़ों रुपए फंसे हुए हैं। ठाकुर ने कहा कि प्रदेश और केंद्र की सरकार जुमलेबाजी की सरकार है।