शिमला : हिमाचल भाजपा ने विपक्षी दल कांग्रेस पर धारा-118 में छेड़छाड़ को लेकर दुष्प्रचार करने का आरोप लगाया है। प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने रविवार को शिमला में प्रेसवार्ता में कहा कि धारा 118 में छेड़छाड़ को लेकर कांग्रेस के नेता रटारटाया राग अलाप रहे हैं कि भाजपा इसे समाप्त करने जा रही है। कांग्रेस नेताओं को भाजपा पर झूठा आरोप लगाने से पहले अपने इतिहास में झांकना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने अपने कार्यकाल में पांच बार धारा 118 से छेड़छाड़ की है, जबकि भाजपा सरकार ने एक बार भी इसमें छेड़छाड़ नहीं की। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से पूछा कि उनके पास धारा 118 में छेड़छाड़ के आरोपों के तथ्य क्या है।
सतपाल सत्ती ने कहा कि लोकसभा चुनावों में मिली करारी हार से कांग्रेस नेता बौखालाहट में है तथा जनता का ध्यान बांटने के लिए वह इस तरह का दुष्प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस नेताओं को सकारात्मक राजनीति करने का सलाह दी और कहा कि कांग्रेस को देश के मुद्दों के साथ खड़ा होना चाहिए। तभी वह बच सकती है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि धारा- 370 व 118 की आपस में तुलना नहीं की जा सकती है। उन्होंने कहा कि धारा 370 देश के सभी नागरिक को वंचित करने तथा अलगाववाद की विचारधारा है। लेकिन प्रदेश में पहाड़ी कृषकों की जमीन को बाहरी लोग ओने पोने दाम में न खरीद ले तथा प्रदेश के लोग भूमिहीन न हो जाएं, इसके लिए धारा 118 को शामिल किया गया था। उन्होंने कहा कि महत्वपूर्ण व्यक्तियों को आवास बनाने, उद्योगों, होटलों व अन्य काम के लिए भी धारा 118 में केबिनेट में रिलेक्सेशन दी जाती है।
कांग्रेस के हिमाचल बचाओ अभियान पर चुटकी लेते हुए सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि कांग्रेस की दुर्गती का अनुमान इससे लगाया जा सकता है कि परमार की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में न तो पूर्व मुख्यमंत्री, न नेता प्रतिपक्ष और न ही परमार के परिवार के लोग शामिल हुए। कांग्रेस ने उप चुनावों में लाभ के लिए तथा गुटों में बंटी कांग्रेस को एक करने के लिए परमार के गांव से हिमाचल बचाओ अभियान शुरू करने का प्रयास किया, लेकिन लगता है कि वह अब स्वयं ही इस अभियान को भूल गए हैं।