अमरप्रीत सिंह/ सोलन
परवाणू से शिमला तक बन रहे फोरलेन के चलते सोलन में पहली बरसात ने तबाही मचाना शुरू कर दिया। सोलन के रबोन में सनातन धर्म मंदिर के पास पुल निर्माण के लिए की गई कटिंग से तीन मंजिला मकान को खतरा पैदा हो गया है। स्थिति यह हो गई है कि मकान में दरारें आ गई हैं। मकान के आगे बना वर्षो पुराना डंगा भी गिर गया है।
यही नहीं भूस्खलन के चलते मकान के समीप लगाया गया, बिजली का खंभा भी इसकी चपेट में आ गया है। हालांकि फोरलेन का निर्माण कर रही कंपनी ने मकान की सुरक्षा के लिए वहां पर मिट्टी गिरानी शुरू कर दी है। मगर इसके बावजूद मकान में रहने वालों में दुर्घटना का भय बना हुआ है। इसी तरह कई मकान फोरलेन कार्य के चलते हवा में लटके हुए हैं जो कभी भी जमींदोज़ हो सकते हैं।
मकान मालिक मनीषा शर्मा ने बताया कि वह पिछले कई दिनों से कंपनी के अधिकारियों से डंगे का निर्माण करने का आग्रह कर रही थीं। ताकि उनका मकान सुरक्षित हो सके। लेकिन अधिकारियों ने उनके आग्रह को अनसुना कर दिया। इसी के चलते आज उनका मकान गिरने के कगार पर पहुंच गया है। उन्होंने प्रशासन से जल्द डंगा लगवाने कि मांग की।