एमबीएम न्यूज़/शिमला
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद पर कुलदीप सिंह राठौर की ताजपोशी के बाद अब महिला कांग्रेस में भी बड़ा फेरदबल हुआ है। कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व ने जैनब चंदेल को हिमाचल महिला प्रदेश कांग्रेस की कमान सौंपी है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी से मंजूरी मिलने के बाद कांग्रेस कमेटी के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बुधवार देर शाम नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए हैं।
सोलन जिले के अर्की की रहने वाली जैनब चंदेल को वीरभद्र सिंह का कट्टर समर्थक माना जाता है। पिछली वीरभद्र सिंह सरकार के दौरान वह प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष थी। दिसंबर 2017 में सत्ता परिवर्तन के बाद जैनब चंदेल ने महिला आयोग के पद से इस्तीफा दे दिया था। सनद रहे कि प्रदेश महिला कांग्रेस की निवर्तमान अध्यक्ष सुशीला नेगी का कार्यकाल पूरा होने पर उनकी जगह जैनव चंदेल की नियुक्ति हुई है।
हालांकि इस पद के लिए कांग्रेस की आधा दर्जन से अधिक नेत्रियां दौड़ में थीं। पिछले दिनों वीरभद्र व सुक्खू के बीच चल रहे घमासान में सुशीला नेगी ने सुक्खू के समर्थन में बयान जारी किया था। बहरहाल प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष पर पर जैनब चंदेल की नियुक्ति से वीरभद्र सिंह की खिलाफत करते आ रहे पूर्व पीसीसी चीफ सुक्खू को करारा झटका लगा है। कांग्रेस हाईकमान ने बीते दिनों सुक्खू को हटाकर कुलदीप सिंह राठौर को प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष तैनात किया था।