एमबीएम न्यूज/शिमला/कुल्लू
सूबे में वीरवार को मौसम ने करवट ले ली है। प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में बारिश व ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्के हिमपात से ठंड बढ़ गई है। तापमान में 5 से 8 डिग्री तक निचले क्षेत्रों में गिरावट हुई है। वहीं ऊंचाई वाले हिस्सों में 10 डिग्री तक भी तापमान गिरा है। इस साल सामान्य से अधिक हिमपात की भी संभावना जताई जा रही है।
उधर कुल्लू से मिली जानकारी के मुताबिक मौसम के करवट बदलते ही रोहतांग दर्रे सहित ऊंची चोटियों में बर्फबारी शुरू हो गई है। रोहतांग दर्रे में वीरवार सुबह से हो रही बर्फबारी से मनाली-केलांग मार्ग में वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है। केलांग-लेह मार्ग को प्रशासन ने पहले ही बंद कर दिया है। लाहुल घाटी में भी बर्फबारी शुरू हो गई है। घाटी में बस सेवा भी प्रभावित हो गई है। पर्यटन नगरी मनाली में सुबह से भारी बारिश हो रही है, जिससे जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। मनाली में तापमान लुढ़क गया है, जिससे ठंड बढ़ गई है।
मौसम के हालात को देखते हुए प्रशासन ने रोहतांग दर्रा सैलनियों के लिए बंद कर दिया है। बर्फ के दीदार करने गए सैलानियों को गुलाबा बेरियर में रोक दिया गया है। गुलाबा में ही हो रही बर्फबारी का सैलानी खूब आनंद ले रहे है। प्रशासन की माने तो अब रोहतांग दर्रे में वाहनों की आवाजाही मौसम की परिस्थितियों पर ही निर्भर रहेगी। मौसम खराब होने की सूरत में सैलानी गुलाबा तक ही जा सकेंगे।
रोहतांग दर्रे सहित हामटा, हनुमान टीबा, इंद्र किला, धुंधी जोत, मकरवेद शिकरवेद, भृगु व डशोहर की पहाड़ियों, चंद्रखणी जोत सहित समस्त ऊंची चोटियों में बर्फ के फाहे गिरने का क्रम शुरू हो गया है। रोहतांग के उस पार कोकसर जोत, बड़ा व छोटा शिगरी ग्लेशियर, कुंजम जोत, समस्त चंद्रभाग पीक, लेडी ऑफ केलांग, नीलकण्ठ, ढाका ग्लेशियर, शिंकुला जोत, दारचा की पहाड़ियों सहित बारालाचा दर्रे में बर्फ के फाहे गिर रहे है। लाहुल घाटी के किसानों की दिक्कते भी बढ़ गई है। आलू की 40 प्रतिशत फसल अभी मंडियों में भेजना शेष रह गया है। बीआरओ कमांडर कर्नल एके अवस्थी ने बताया की रोहतांग दर्रे में बर्फबारी होने से उनका कार्य प्रभावित हुआ है।
Latest
- रेणुका जी झील में डूबे व्यक्ति का शव बरामद, परिजनों ने की शिनाख्त
- बिलासपुर के जंगलों में तीन दिन से लगी है आग, करोड़ों की वन संपदा राख
- चूड़धार जाने से पहले अनिवार्य हुई रजिस्ट्रेशन, स्वास्थ्य जांच भी आवश्यक
- मनाली में गर्लफ्रेंड की हत्या, सफेद कमीज पर पीले दाग ने दिया दगा…गर्म पानी से नहलाया शव
- विक्रमादित्य सिंह से मंत्रालय संभाले नहीं जा रहे और चले हैं MP बनने