एमबीएम न्यूज/नाहन
अगर वार्ड का विकास कार्य करवाना है तो मुझे विकास कार्यों के पैसों में से 5 प्रतिशत देना होगा। अगर नहीं दिया तो विकास कार्य के लिए पैसा नहीं दूंगी। पैसा न देने के चलते विकास कार्यों में प्रधान अडंगा लगाती है। यह बात बर्मा पापड़ी की वार्ड नंबर-7 निशा देवी, वार्ड नंबर-4 के राज कुमार व वार्ड नंबर-2 की उमा देवी ने यहां प्रेस को जारी बयान में कही। उन्होंने कहा कि वार्ड में लाखों रूपयों से विकास कार्य हो रहे हैं। जिसकी एवज में पंचायत प्रधान पांच प्रतिशत का हिस्सा मांगती है। अगर हिस्सा न दे तो वह अगले विकास कार्यों के पेमेंट रोक देती है।
इस संबंध में वो कई बार बीडीओ नाहन को भी शिकायत कर चुके हैं, मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई। बर्मा पापड़ी की वार्ड नंबर-7 निशा देवी, वार्ड नंबर-4 के राज कुमार व वार्ड नंबर-2 सदस्य के अलावा मजदूर राम सिंह, राम चंद्र, चंचल लता, वीरमाला देवी, कुंजना देवी, नामो देवी, किरण बाला, रामा देवी, सीता देवी, हंसराज, जमना देवी, सोमनाथ, घनश्याम, बाला देवी व निर्मला देवी के अलावा दर्जनों मजदूरों ने पंचायत प्रधान पर आरोप लगाया कि काम के बदले पांच प्रतिशत हिस्सा प्रधान को देना पड़ता है।
उन्होंने बताया कि अगर हिस्सा नहीं देते हैं तो काम न देने की धमकी दी जाती है। कई बार इसका विरोध किया। मगर ऊंची पहुंच रखने वाली पंचायत प्रधान के खिलाफ कोई भी कार्रवाई नहीं की जा रही है। बताया यह भी जा रहा है विकास कार्यों में इससे पहले भी पंचायत प्रधान कई बार अनियमितताएं बरत चुकी है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में कई बार उच्चाधिकारियों को इसकी शिकायत की जा चुकी है। मगर ऐसा क्या है कि अधिकारी लोग पंचायत प्रधान पर कार्रवाई करते हुए डर रहे हैं।
https://youtu.be/Vx5D1vC5nnY
उन्होंने बताया कि वह अपने वार्ड में लाखों रूपए का विकास कार्य लोगों के लिए करवा चुके हैं। मगर इसकी एवज में हमने पंचायत प्रधान को वार्ड नंबर-7 के विकास कार्यों में से 8500, वार्ड नंबर- 2 के विकास कार्य के लिए 19 हजार व वार्ड नंबर-4 के विकास कार्यों में 8 हजार रूपए दे चुके हैं। मगर फिर भी पंचायत प्रधान अगले विकास कार्य के लिए एडवांस में अपना कमिशन मांग रही है। जबकि इससे पहले वार्ड नंबर-5 के विकास कार्यों के लिए 11000 रूपए भी ले चुकी हैं।
बर्मा पापड़ी के वार्ड सदस्यों ने कहा कि पंचायत प्रधान कहती है कि अगला विकास कार्य के लिए राशि तभी मिलेगी जब पिछला हिसाब किताब पूरा किया जाएगा। नहीं तो अपको विकास कार्य के लिए पैसा नहीं दिया जाएगा। यही नहीं मस्ट्रोल में काम करने के बावजूद भी गैरहाजिरी लगाई जाती है।
क्या कहते हैं बीडीओ…
बीडीओ नाहन विपिन शर्मा ने बताया कि बर्मा पापड़ी के कुछ वार्ड सदस्यों ने पंचायत प्रधान के खिलाफ विकास कार्यों के नाम पर पांच प्रतिशत कमीशन लेने की बात कही है। उन्होंने कहा कि वार्ड सदस्यों की शिकायत पर तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित कर दी गई है। उनकी रिपोर्ट आने के बाद ही अगली कार्रवाई की जाएगी।