अमरप्रीत सिंह/सोलन
ट्रक यूनियन और कैंटर यूनियन में हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। कुछ दिनों पहले ट्रक यूनियन के अध्यक्ष हरदीप सिंह बाबा पर जानलेवा हमला हुआ। जिसका जिम्मेवार इंटक युवा अध्यक्ष ने भाजपा सरकार और समाजिक न्याय एवम अधिकारिता मंत्री को ठहराया गया। आज मंत्री राजीव सैजल भी डैमेज कंट्रोल करने के लिए फ्रंट फ्रूट पर आ गए। उन्होंने इंटक और ट्रक यूनियन पर जम कर हमला बोला उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र की छत्रछाया में परवाणु में ट्रक यूनियन प्रदेश में क्या भारत में सबसे ज़्यादा किराया और टैक्स वसूलती थी।
आज भी यह प्रथा चली आ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि युवा इंटक के प्रदेशाध्यक्ष खुद रंगदारी और गुंडा टैक्स वसूलते है। आज वह किस मुंह से उनके और भाजपा के ऊपर कीचड़ उछाल रहे है। उन्होंने कहा कि राजनीति की आड़ में अब पाप धुलने वाले नहीं है। इंटक के पदाधिकारियों के हाथ खून से रंगे है। इस मौके पर समाजिक न्याय एवम अधिकारिता मंत्री राजीव सैजल ने तीखे स्वरों में कहा कि ट्रक यूनियन और इंटक के पदाधिकारी जो खुद गुंडा छवि के है, जिनकी वजह से परवाणु में लोग दहशत के साए में जीने को मजबूर है।
वह आज उनकी और प्रदेश सरकार की छवि को दागदार बनाना चाहते है, जो वह कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री के इशारे पर परवाणु में ट्रक यूनियन के नाम पर गुंडा टैक्स और रंगदारी की दुकान पुष्पित और पल्ल्वित हुई है। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि ट्रक यूनियन में प्रोफेशनली गुंडों को बुला कर परवाणु में दहशत फैला रही है, जिस पर अब प्रभावी ढंग से नियंत्रण किया जाएगा।
आप को बता दें कि भाजपा के सत्ता में आते ही भाजपा समर्थित कैंटर यूनियन ट्रक यूनियन पर कब्जा करने का प्रयास कर रही थी, जिसमे कई बार खूनी संघर्ष हो चुका है। यहां तक कि पूर्व इंटक अध्यक्ष हरदीप सिंह बाबा पीजीआई में जीने के लिए संघर्ष कर रहा है। इंटक युवा प्रदेशाध्यक्ष ने इसका जिम्मेवार समाजिक न्याय एवम अधिकारिता मंत्री को ठहराया। जिसको लेकर आज मंत्री सैजल ने पलट वार किया। पुलिस ने फिलहाल परवाणु में धारा 144 लगा दी है। लेकिन खूनी संघर्ष थमने का नाम नहीं ले रहा है |