नाहन (रेणु कश्यप) : ट्रांसगिरि की नन्हीं बेटी अक्षरा की उम्र महज 6 साल है। करीब एक साल पहले डांस की प्रैक्टिस शुरू की। आत्मविश्वास से सरोबार रहने वाली अक्षरा ने लक बॉय डांस (सीजन-2) में अपने से बड़े प्रतिभागियों को पछाड़ कर चौथा स्थान हासिल किया है। फिनाले का फिल्मांकन हाल ही में लक्ष्मी फिल्म स्टूडियो वडोदरा में मुकम्मल हुआ है।
संगड़ाह उपमंडल के भलाड़ गांव की रहने वाली अक्षरा के पिता बलबीर सिंह व मां पिंकी को अपनी बेटी पर फक्र महसूस हो रहा है। वहीं जैज बीट लेजर डांस स्टूडियो के प्रबंधन व स्टाफ की खुशी का ठिकाना नहीं है। वडोदरा के लक्ष्मी फिल्म स्टूडियो तक पहुंचने के लिए नन्हीं अक्षरा ने करीब आधा दर्जन बाधाओं को पार किया। इस शूट के जज विजन देवना, माइकल व मास्टर रोनी इत्यादि ने भी अक्षरा की प्रतिभा को देखकर दांतों तले अंगुलियां दबा ली थी। नन्हीं अक्षरा के कोरियोग्राफर हिमांशु चौहान (सिड) व अरविन्द कौर थी।
एमबीएम न्यूज नेटवर्क को नन्हीं अक्षरा के पहले ऑडिशन का वीडियो मिला है। अंतिम मुकाबले का प्रसारण दिसंबर महीने में मनोरंजन टीवी पर होगा। कोरियोग्राफर हिमांशु व अरविन्द कौर ने बताया कि डांस स्टूडियो के पांच बच्चों शालिनी, बबीता, अक्षित, आहरा व सचिन ने भी टॉप-20 में स्थान अर्जित किया। उन्होंने कहा कि अक्षरा के जूनियर वर्ग में 6 से 12 साल के प्रतिभागी थे, जिनमें अक्षरा सबसे छोटी थी। बावजूद इसके मंच पर अपनी प्रस्तुति के दौरान अक्षरा ने हर किसी को हैरान कर दिया था। उन्होंने कहा कि बच्ची में डांस की बेमिसाल प्रतिभा मौजूद है, जिसे निखारने के लिए डांस स्टूडियो पूरी कोशिश में लगा हुआ है।