चंबा (एमबीएम न्यूज़) : पर्यटन नगर डलहौजी के तहत आती ग्राम पंचायत बलेरा के गांव फरोली में खेतों से घास लाने गई महिला पर रीछ ने हमला कर दिया। रीछ के हमले से लहुलुहान महिला का उपचार सिविल अस्पताल डलहौजी में चल रहा है। घायल महिला की पहचान काया देवी पत्नी भोलू राम निवासी गांव फरोली के रूप में हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला सुबह के वक्त घास लाने गई थी। लेकिन अचानक रीछ खेतों में आ धमका। महिला के चिल्लाने के बाद अन्य लोग मौके पर आए। महिला को रीछ ने लहुलुहान कर दिया था। लोगों ने महिला को तुरंत सिविल अस्पताल डलहौजी पहुंचाया। जहां महिला को प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने एडमिट कर लिया। अब महिला की तबीयत में सुधार दर्ज किया गया है।
गौरतलब है कि उक्त क्षेत्र में रीछ के आतंक से लोग पहले से ही सहमें हुए है। वन्य प्राणी विभाग से भी कई बार मौखिक रूप से शिकायत की गई है। लेकिन इन शिकायतों के बावजूद विभाग की ओर से रीछ को पकड़ने इत्यादि कोई प्रयास नहीं किए गए है।