कुल्लू (नीना गौतम): तेलंगाना के सांसद दिवंगत पी गोवर्धन रेड्डी के पार्थिव शरीर को हैदराबाद ले जाने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध पूरे किए गए और सांय 5 बजे उन्हें स्पैशल चार्टड विमान में दिल्ली ले जाया गया। गौर रहे कि आनंदराव अडसूल की अध्यक्षता में संसद की यह स्थाई समिति हिमाचल प्रदेश के करीब एक सप्ताह के प्रवास के लिए शुक्रवार सुबह कुल्लू पहुंची थी।
रेड्डी का जन्म 20 नवंबर 1936 को नंदिम पाली जिला महबूब नगर आंध प्रदेश में हुआ था। वे आंध्र प्रदेश विधानसभा में 1967 से 1972, 1972 से 1978, 1978 से 1983, 1983 से 1985 और 1999-2004 तक विधायक रहे हैं। 1981 में वे आंध्र प्रदेश में सिंचाई, युवा सेवा मंत्री भी रहे हैं। इसके अलावा वे राज्य हैंडलूम टैक्सटाईल मंत्री भी रहे। 2012 में उन्हें राज्यसभा के लिए सांसद चुना गया। इसके अलावा वे कई अहम पदों पर केंद्र व राज्य में रह चुके हैं।
उधर उनके निधन पर हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल आचार्य देवव्रत, प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल, सांसद रामस्वरूप शर्मा सहित स्थानीय नेताओं ने गहरा शोक प्रकट किया है तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है। गौर रहे कि तेलंगाना राज्य से संबंध रखने वाले कांग्रेस राज्य सभा सांसद एवं रसायन एवं उर्वरक से संबंधित संसद की स्थाई समिति के सदस्य पल्लवी गोवर्धन रेड्डी की देवभूमि कुल्लू पहुंचते ही मौत हो गई है।
सांसद रेड्डी की मौत ह्रदय गति रूकने से हुई है। शुक्रवार सुबह क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में हृदय गति रूक जाने से सांसद रेड्डी ने अंतिम सांस ली। पार्लियमैंट की हाई पावर कमेटी के 28 सदस्यों का दल कुल्लू-मनाली टूर कार्यक्रम में आया था। सांसद रेड्डी की तबियत हवाई जहाज में ही खराब हो गई थी जैसे ही हवाई जहाज ने भुंतर एयरपोर्ट पर लैंड किया तो रेड्डी की तबीयत और बिगड़ गई जिस कारण उन्हें तुरंत सड़क मार्ग द्वारा कुल्लू अस्पताल लाया गया। जहां पर सांसद रेड्डी को डॉक्टरों ने मृत घोषित पाया।