ऊना (एमबीएम न्यूज) : जिला में तीन विभिन्न सड़क हादसों में तीन महिलाएं व एक किशोरी जख्मी हुई है। सभी को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल लाया गया, जहां एक किशोरी की नाजुक हालत को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहला हादसा रक्कड़ कॉलोनी में पेश आया, जहां एक महिला जख्मी हुई है। शांति देवी निवासी रक्कड़ कॉलोनी सुबह बिजली विभाग कार्यालय के समीप जा रही थी कि इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने महिला को टक्कर मार दी। घायल महिला को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल में भर्ती करवाया है।
दूसरा हादसा खुरवाई में पेश आया, जहां एक स्कूटी ने राहगीर वृद्ध को हिट कर दिया। हादसे में घायल महिला जमुना देवी निवासी खुरवाई को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। तीसरा हादसा उपमंडल अंब के धुसाड़ा में पेश आया, जहां बस की बाईक के साथ टक्कर हो गई। हादसे में बाईक सवार मां-बेटी जख्मी हुए हैं। घायलों की पहचान रमा रानी व उनकी 10 वर्षीय पुत्री प्रिया निवासी चरतगढ़ के रूप में हुई। दोनों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां से बेटी की गंभीर हालत के चलते पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया है।
एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज कर जांच को आगे बढ़ाया है।