नाहन (एमबीएम न्यूज) : महाबली द ग्रेट खली बुधवार रात 9 बजे के आसपास नैनीधार में अपने पैतृक गांव धिराईना पहुंचे। पंजाब के जालंधर की तपिश से चंद दिन ठंडक में सुकून से छुट्टी मनाने का इरादा तो है ही साथ ही खली गांव में स्टोन फु्रट ‘खुरमानी व आडू’ का मजा ले रहे है। दरअसल खली का परिवार बागवान भी है। सेब की फसल से पहले स्टोन फ्रुट तैयार हो जाता है जिसमें खुरमानी, आडू के अलावा पलम इत्यादि शामिल रहता है।
वीरवार को एमबीएम न्यूज नेटवर्क ने जब खली से बात की और पूछा कि वह क्या कर रहे है तो उन्होंने हंसते हुए कहा कि अपने बगीचे की खुरमानी का मजा ले रहा हूं। खली ने बताया कि चंद दिन रूकने का कार्यक्रम है। गौरतलब है कि खली के गांव में जमकर बर्फबारी होती है। यहां अब लोग सेब की खेती की तरफ भी तेजी से बढ़ रहे है। खुद खली के पिता ज्वालू राम ने भी सेब के बगीचे तैयार कर ईलाके में एक मिसाल कायम की है। सडक़ों की खस्ताहालत पर द ग्रेट खली ने फिर नाराजगी जाहिर की है।