मंडी (वी.कुमार) : बीते दस दिनों से मंडी शहर के विभिन्न स्थानों पर विराजमान हुए गणपति बप्पा को बुधवार शाम को बाजे-गाजे के साथ विदाई दे दी गई। गणेश विसर्जन से पहले मंडी शहर में भव्य शोभायात्राएं निकाली गई जिसमें शहर वासियों ने बढ़चढ़ कर भाग लिया। शोभायात्रा में आसपास के इलाकों से आये देवी देवताओं के रथ भी शरीक हुए। ढोल नगाढ़ों की गूंज से पूरा मंडी शहर गुंजायमान हो उठा।
इन शोभायात्राओं में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिल शर्मा भी शरीक हुए और गणपति बप्पा का आशीवार्द प्राप्त किया। शहर भर में सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किये गये थे। शहर भर की परिक्रमा करने के बाद यह शोभायात्रा हनुमानघाट पर पहुंची। यहां पर सभी ने अपने घरों में स्थापित गणेश प्रतिमाओं का पूरे विधि विधान के साथ विसर्जन किया। ब्यास नदी में पूरी सुरक्षा के साथ गणेश विसर्जन करवाये गये। पुलिस और अन्य सुरक्षा बल मौके पर मौजूद रहे। लोगों ने गणपति बप्पा के जयकारे लगाकर बप्पा से अगले बरस जल्दी आने की दुआ मांगी।
लोगों में गणेश विसर्जन को लेकर भारी उत्साह देखने को मिला और लोग बड़ी संख्या में इस विसर्जन में शामिल हुए। सिद्ध गणपति मंदिर ट्रस्ट मंडी के प्रधान उत्तम चंद सैनी ने बताया कि गणपति बप्पा अगले बरस जल्दी आयें इसी कामना के साथ गणेश विसर्जन किया गया है।