नाहन (एमबीएम न्यूज): शनिवार करीब सवा एक बजे कुदरत ने शहर को सफेद चादर की सौगात दी। इसे देखकर शहरवासियों का खुमार सिर चढक़र बोला। चौंकिए मत, बर्फ नहीं पड़ी है। यहां करीब 20 मिनट तक जमकर ओलावृष्टि हुई। इससे सफेद चादर बिछ गई। आलम यह रहा कि ओला से बिछी चादर काफी देर तक टिकी हुई है। लिहाजा हर कोई तस्वीरें खींचने में लगा हुआ है।
यहां तक की इस पल को कैद करने के लिए लोगों ने ओलावृष्टि के मंजर को जमकर फेसबुक लाइव भी करना शुरू कर दिया। जिला के कुछ अन्य हिस्सों में भी ओलावृष्टि की सूचना है। पत्रकार शैलेश सैनी का कहना है इस तरह की ओलावृष्टि दशकों में पहली बार देखी गई है।
ऐसा भी नहीं है कि शहर में बर्फ न पड़ी हो। ऐसा बताते हैं कि 40 के दशक में शहर ने हिमपात देखा है। चौगान मैदान इस कद्र खूबसूरत हो गया, मानो शिमला का रिज मैदान हो।