वी कुमार/मंडी
जिला के पंडोह में स्थित थर्ड बटालियन लगातार दूसरी बार नंबर एक पर आंकी गई है। हाल ही में धर्मशाला में संपन्न हुई हिमाचल प्रदेश पुलिस की 50वीं खेलकूद प्रतियोगिता के समापन मौके पर सीएम जयराम ठाकुर ने थर्ड बटालियन पंडोह को पहले पुरस्कार से सम्मानित किया। हालांकि इस बार थर्ड बटालियन पंडोह को पहला पुरस्कार बनगढ़ बटालियन के साथ सांझा करना पड़ा क्योंकि इस बार पंडोह के साथ बनगढ़ बटालियन को भी पहले स्थान पर आंका गया है। पिछले साल सिर्फ पंडोह बटालियन को पहला पुरस्कार प्राप्त हुआ था।
शुक्रवार को पंडोह स्थित थर्ड बटालियन परिसर में इस बात को लेकर जश्न मनाया गया जिसमें कमांडेंट अंजुम आरा सहित एएसपी भूपिंद्र कंवर और अन्य आला अधिकारी व पुलिस के जवान शरीक हुए। उपस्थित जवानों को संबोधित करते हुए थर्ड बटालियन पंडोह की कमांडेंट अंजुम आरा ने कहा कि लगातार दूसरे वर्ष पहला पुरस्कार मिलना बटालियन के लिए गर्व की बात है और इसका श्रेय बटालियन के सभी जवानों और अधिकारियों को जाता है। उन्होंने बताया कि बटालियन के जवान चम्बा जिला की सीमाओं पर कठिन परिस्थितियों में अपनी डयूटी बखूबी निभा रहे हैं। साथ ही बटालियन के जवान मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश की सुरक्षा में भी तैनात हैं।
कुल्लू, मनाली व मंडी जिला पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिला कर यातायात, कानून एवं व्यवस्था में अपना सहयोग दे रहे हैं। इसके अतिरिक्त समय-समय पर पंडोह के साथ लगते क्षेत्रों के शिक्षा संस्थान, पंचायती निकायों में जाकर समाज मे फैली कुरीतियों के बारे अभियान के रूप मे जागरूकता शिविर लगाए जा रहे हैं। वहिनी द्वारा पर्यावरण को साफ सुथरा रखने हेतू वन विभाग के साथ मिलकर खाली भूमि पर पौधारोपण किया गया है।
स्वच्छ भारत अभियान के दौरान वहिनी के कर्मचारीयो और अधिकारियों द्वारा पंडोह के आस पास के क्षेत्र में पडने वाले जल स्त्रोतों,बावडि़यों व रास्तों को साफ किया गया है। बटालियन के जवान आस पास के क्षेत्र के लोगों को आपदा के दौरान पीडि़त परिवारों को सहयोग भी करते हैं। इस मौके पर हाल ही में नाचन क्षेत्र के निर्धन परिवार के लिए पुलिस जवानों ने हाथ बढ़ाए वहीं नांडी गांव में आगजनी की घटना से प्रभावित मालती देवी को 33 हजार की राशि भी भेंट की।
बाइट – अंजुम आरा, कमांडेंट, थर्ड बटालियन पंडोह