मंडी (वी कुमार): प्रदेश की प्रख्यात संस्था संवाद युवा मंडल ने केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय द्वारा प्राप्त अनुदान द्वारा नाटक ‘अर्थ की तलाश’ का मंचन किया। नाटक का मंचन हमीरपुर के गौतम गर्ल्स कॉलेज के प्रेक्षागृह में किया गया। नाटक का निर्देशन महेंद्र पाल (मंजीत मन्ना) तथा सह निर्देशन विशाल दीक्षित ने किया। उक्त नाटक के माध्यम से संवाद युवा मंडल दर्शाया कि किस प्रकार हमारे चारों ओर एक शून्य का विस्तार है और इस सैलाब में चीजों का अस्तित्व अर्थहीन हो चुका है। उनके नाम अतीत की तहो में गुम हो चुके हैं। वर्तमान कुछ नहीं वर्तमान सिर्फ अंधी आंखों का आकाश है।
वर्तमान एक सूखे रंगों वाला पेड़ है, जिसके चारों ओर ईश्वर की तलाश हो रही है। नाटक में विभिन्न पात्र कुछ न कुछ ढूंढ रहे हैं। इनकी यह खोज व्यर्थ है। नाटक में पुनीत शर्मा, प्रिया, अनिल ठाकुर, सुरेश, विनोद, संध्या पायल, सोनिया, हेमवर्षा व वनीता ने बेहतर अभिनय कर प्रदर्शन किया तथा नाटक को जीवंत किया। वहीं मंच पर संगीत निर्देशन राजकुमार व भारतभूषण ने किया। उल्लेखनीय है कि संवाद युवा मंडल अब तक 40 से अधिक नाटक व 1200 से अधिक नुक्कड़ नाटकों का मंचन कर चुका है।