शिमला, 24 मई : प्रदेश की कांग्रेस सरकार द्वारा ओल्ड पेंशन बहाल करने के निर्णय को लेकर कर्मचारियों में खुशी की लहर है। इसी को लेकर कर्मचारी सरकार का आभार भी व्यक्त करने वाले हैं।
28 मई को धर्मशाला के पुलिस ग्राउंड में एनपीएस से OPS में आए कर्मचारी एक बड़ी आभार रैली करने वाले हैं, जिसमें प्रदेश के तकरीबन 1 लाख कर्मचारी के जुटने का अनुमान लगाया है। प्रदेश के मुख्यमंत्री सहित मंत्री इस कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। प्रियंका गांधी को भी कार्यक्रम में शामिल होने का कर्मचारियों ने न्योता दिया है।
शिमला जिला एनपीएस कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष खुशाल शर्मा ने बताया कि लंबे अरसे से कर्मचारी OPS बहाली की मांग कर रहे थे, जिसे कांग्रेस सरकार ने स्वीकार करते हुए बहाल करने का निर्णय लिया, जिससे कर्मचारियों का सेवानिवृत्ति के बाद का समय अच्छे से कटेगा।
कर्मचारी खुद को सुरक्षित महसूस करेगा। OPS बहाली के निर्णय से 1,35000 कर्मचारी लाभान्वित हुए हैं। आने वाली पीढ़ी जो सरकारी क्षेत्र में जॉब करेगी उनका भविष्य भी सुरक्षित हुआ है। इसी को लेकर कर्मचारी धर्मशाला में सरकार का आभार व्यक्त करेंगे।