नाहन, 19 सितंबर : हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जनपद में चंद रोज से बारिश का सिलसिला जारी है। सोमवार दोपहर राजगढ़ उपमंडल के कोठिया गांव में अचानक ही भूस्खलन हुआ। लैंड स्लाइड में पहाड़ की तरफ से एक बड़ी चट्टान खिसक कर मकान की छत पर गिर गई। इससे मकान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है।
हालांकि, नुकसान का आकलन अलग-अलग स्तर पर किया जा रहा है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर नुकसान 10 लाख से अधिक का आंका गया है। राजगढ़-बडू साहिब मार्ग पर सोमवार दोपहर 12ः15 बजे की ये घटना है।
प्रारंभिक तौर पर मिली जानकारी के मुताबिक भूस्खलन की वजह से रक्षा देवी उर्फ गुड्डी पुत्री जगत राम का दो मंजिला मकान क्षतिग्रस्त हुआ है। साथ ही सड़क पर पार्क किया गया एक छोटा हाथी भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।
जानकारी के अनुसार रक्षा देवी हादसे के वक्त बाजार गई हुई थी। मकान में रह रहे किराएदार भी लैंड स्लाइड की आवाज सुनते ही घर से बाहर निकल गए। रक्षा देवी के मुताबिक परिवार में कोई नहीं है। पाई-पाई जोड़कर मकान का निर्माण किया था।
उधर, राजगढ़ प्रशासन के मुताबिक 10 लाख 55 हजार का नुकसान आंका गया है। कार्यवाहक एसडीएम कपिल तोमर ने भूस्खलन से मकान क्षतिग्रस्त होने की पुष्टि की है।