शिमला, 1 जून : हिमाचल बार काउंसिल के अध्यक्ष रमाकांत शर्मा का मंगलवार को निधन हो गया। वह 55 वर्ष के थे। वह कोरोना वायरस से संक्रमित थे। रमाकांत शर्मा पिछले दिनों कोरोना से संक्रमित हुए थे। आज आईजीएमसी शिमला में उन्होंने आखिरी सांस ली। वह तीन बार प्रदेश बार काउंसिल के अध्यक्ष रह चुके हैं।
रमाकांत शर्मा मूल रूप से सोलन जिला के नालागढ़ के निवासी थे। उनके निधन से अधिवक्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई है। रमाकांत अपने पीछे पत्नी व एक बेटी को छोड़ गए हैं। रमाकांत शर्मा की पत्नी भी अधिवक्ता है। अधिवक्ता समुदाय में काफी लोकप्रिय रहे रमाकांत शर्मा वकीलों के एक निडर नेता थे।
हिमाचल हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के सचिव धनंजय ने रमाकांत शर्मा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वह अधिवक्ताओं के लिए संघर्ष करने वाले व्यक्ति थे और उनके असामयिक निधन से मर्माहत हैं।