शिमला, 15 मार्च : हिमाचल के चार नगर निगमों धर्मशाला, मंडी, सोलन और पालमपुर में होने वाले चुनावों के लिए कांग्रेस पार्टी अपने उम्मीदवारों की सूची 21 मार्च को जारी करेगी। इससे पूर्व 19 मार्च से पहले या इस दिन तक इन नगर निगमों के चुनावों के लिए पार्टी के पर्यवेक्षक संभावित प्रत्याशियों बारे अपनी रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कार्यालय को प्रस्तुत करेंगे। 20 मार्च को संभावित प्रत्याशियों की डिटेल रिपोर्ट बनेगी और 21 मार्च को प्रदेश कांग्रेस चुनाव समिति की बैठक में तय नामों के बाद कांग्रेस आलाकमान की सहमति के बाद पार्टी प्रत्याशियों की घोषणा कर दी जाएगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरी पारदर्शिता के साथ जितने वाले उम्मीदवारों को इस चुनाव में उतारेगी। वह हाल ही में कांगड़ा, मंडी व सोलन जिलों में होने वाले इन नगर निगम चुनावों के दृष्टिगत दौरे से लौटे है।उन्होंने पार्टी नेताओं के साथ इस बारे व्यापक विचार विमर्श भी किया है।
उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस इन चारों नगर निगमों में शानदार जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन नगर निगमों के चुनावों पर अपना एक विजन डॉक्यूमेंट भी जारी करेगी। राठौर ने प्रदेश भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि वह पूर्व की भांति इन चुनावों को भी प्रभावित करने की पूरी कोशिश कर रही है। बड़े पैमाने पर फर्जी वोटर बनाए जा रहें है।
उन्होंने मुख्यमंत्री पर आरोप लगाया कि उन्होंने अपने तीन साल के शासनकाल में नए बनाये गए नगर निगम क्षेत्रों की कोई सुध नही ली,अब यहां चुनावों के दृष्टिगत बड़ी बड़ी घोषणाएं की जा रही है। उन्होंने कहा कि विकास के नाम पर भाजपा लोगों को गुमराह करने का पूरा प्रयास कर रही है। कहा कि इन नगर निगमों में शामिल किए गए ग्रामीण क्षेत्रों में कोई भी मूल भूत सुविधा नही दी गई है।