नाहन, 21 जनवरी: शहर के अमरपुर मोहल्ला निवासी 76 वर्षीय नरेंद्र शर्मा उर्फ निंदी अचानक लापता हो गए हैं। वीरवार सुबह करीब साढ़े 7 बजे नरेंद्र शर्मा घर से निकले थे। इसके बाद शाम तक घर नहीं लौटने से परिजनों की चिंता बढ़ गई है। नरेंद्र शर्मा के भतीजे संदीप शर्मा व एडवोकेट विवेक शर्मा ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि उनके ताया शिमला से करीब एक सप्ताह पहले ही 14 जनवरी को नाहन आए थे। रोजाना की तरह वीरवार को भी सुबह साढ़े 7 बजे के करीब सैर पर निकले थे।
उन्हें मिली जानकारी के अनुसार इसके बाद फिर करीब सवा 8 बजे घर के समीप ही एक दुकान तक आए। लेकिन उसके बाद से उनका कोई पता नहीं है। संदीप शर्मा के अनुसार उनके ताया एयरफोर्स से रिटायर्ड हैं। इसके अलावा रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया में भी बतौर सुरक्षा अधिकारी सेवाएं दे चुके हैं। उन्होंने बताया कि ताया का शिमला में घर है, लेकिन अधिकतर समय नाहन में ही व्यतीत करते हैं। अचानक उनके लापता होने से 75 वर्षीय पत्नी शानु शर्मा सहित पूरा परिवार चिंतित है।
उन्होंने ताया की गुमशुदगी की पुलिस में रिपोर्ट भी दर्ज करवा दी है। उन्होंने कहा कि किसी भी जानकारी होने की स्थिति में उन्हें मोबाइल नंबर 94183-94840 या फिर विवेक शर्मा को 94180-22472 पर संपर्क किया जा सकता है।