शिमला, 15 अगस्त : मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज यहां स्वास्थ्य क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ़ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च(PGI) चंडीगढ़ के निदेशक पदमश्री डाॅ. जगत राम(Director of PGI Chandigarh, Padmashri Dr. Jagat Ramको ‘हिमाचल गौरव पुरस्कार-2019’ से पुरस्कृत किया। डाॅ. जगत राम राज्य के जिला सिरमौर की ग्राम पंचायत सेर-जगास के पबियाना गांव के निवासी हैं। डाॅ. जगत राम किन्हीं परिस्थितियों के कारण पिछले वर्ष ‘हिमाचल गौरव पुरस्कार’ प्राप्त करने के लिए समारोह में शामिल नहीं हो सके। इस अवसर पर मुख्य सचिव अनिल खाची, सचिव जीएडी देवेश कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर(CM JairamThakur) ने डॉ जगत राम को बधाई देते हुए अपने फेसबुक पेज पर लिखा की “स्वास्थ्य क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पदमश्री डॉ. जगत राम जी को आज हिमाचल गौरव पुरस्कार-2019 से सम्मानित किया। डॉ. जगत राम जी को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं। बीते वर्ष इस पुरस्कार प्राप्त करने के लिए डॉ. जगत राम जी किसी कारणवश उपस्थित नहीं हो सके थे।“
डॉ. जगत राम हिमाचल प्रदेश के सिरमौर(Sirmour) जिले के निवासी हैं। एक किसान के बेटे डॉ. जगत राम ने गरीबी के बावजूद अपना हौसला मजबूत रखा और पीजीआई के निदेशक तक का सफर तय किया। उन्होंने 1985 में आईजीएमसी शिमला से एमबीबीएस(MBBS) की पढ़ाई की और बाद में चंडीगढ़ में एमएस पूरा किया। उनकी मेहनत का नतीजा यह रहा कि चंडीगढ़ पीजीआई(PGI) से ही एमसएस करने वाले डॉ. जगत राम आज उसी संस्थान के निदेशक हैं। अंतराष्ट्रीय स्तर पर भी उनकी पहचान है और दर्जनों पुरस्कार उन्हें दिए जा चुके हैं।