ऊना : शहर के करीबी गांव रैंसरी में बुधवार को 25 साल के सैनिक का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया गया। मृतक सैनिक की पहचान रैंसरी निवासी मनजीत सिंह के रूप में की गई है। मनजीत सिंह की पिछले दिनों मणिपुर में ऊंचाई वाले क्षेत्र में दम घुटने के दौरान मौत हो गई थी। जिन्हें घटना के बाद आर्मी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्हें वहां मृत घोषित कर दिया गया। मनजीत की मौत की खबर से जहां उनके परिजन बेहाल हाे चुके हैं, वहीं रैंसरी में भी सन्नाटा पसरा है।
एसडीएम डॉ. सुरेश जसवाल से मिली जानकारी के मुताबिक रैंसरी के 25 वर्षीय मनजीत सिंह मणिपुर में आर्मी ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान वह मणिपुर में ऊंचाई वाले क्षेत्र पर गए थे, जहां उन्हें सांस लेने में दिक्कत हाेने लगी। देखते ही देखते उनकी तबीयत काफी बिगड़ गई। जिसके चलते उन्हें फाैरन सैन्य अस्पताल ले जाया गया। लेकिन वहां उन्हें मृत घोषित कर दिय गया। एसडीएम ने बताया कि मनजीत सिंह की मौत के बारे में 23 मार्च को सैन्य अधिकारियों द्वारा जिला प्रशासन को सूचित किया गया था।
वहीं उनका का शव बुधवार सुबह करीब 8:50 बजे पैतृक गांव रैंसरी पहुंचा। जहां पुलिस की माैजूदगी के बीच दिवंगत जवान की अंत्येष्टी राजकीय सम्मान के साथ की गई। उन्हाेंने बताया कि दिवंगत सैनिक के घर से शमशान तक प्रशासन द्वारा सैनिटाइजेशन की गई है। वहीं मनजीत के निधन से रैंसरी गांव शाेक संतप्त है।