सराहां (एमबीएम न्यूज) : थाना क्षेत्र पच्छाद के अतंर्गत नारग पंचायत के अजगा गांव में पानी के टैंक से संदिग्ध अवस्था में एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया है। कामगार बाहरी राज्य से है। वह क्षेत्र में मेहनत मजदूरी करता था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे सराहां अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए शिमला आईजीएमसी भेज दिया है। पुलिस ने घटना पर मामला दर्ज जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती मंगलवार को नारग पंचायत का एक प्रतिनिधि मंडल गांव में संपूर्ण स्वच्छता अभियान का जायजा ले रहा था। तभी एक व्यक्ति की नजर नजदीक बने पानी के टैंक पर पड़ी। समीप जाकर देखने पर टैंक में किसी व्यक्ति का शव तैरता पाया गया। बाद में नारग पंचायत के उप प्रधान राजीव शर्मा ने इसकी जानकारी सराहां पुलिस को दी। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रथम दृष्ट्या मृतक सरसू के पास हाऊस गांव में मजदूरी का कार्य करता था तथा उसने कुछ दिन पूर्व ही काम छोड़ा था।
उधर घटना की पुष्टि करते हुए राजगढ़ के डीएसपी विकास धीमान ने बताया कि पुलिस शव की शिनाख्त करने पर जुटी है। शव की पहचान होने के बाद ही पोस्टर्माटम करवाया जाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर इसकी जांच शुरू कर दी है।