एमबीएम न्यूज़/ऊना
अंब स्थित ऊना रोड पर सड़क हादसे में एक ही परिवार के 4 लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अंब अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जिनमें तीन लोगों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि एक बच्चे को मामूली चोटें आई है। पुलिस ने मामले की कार्रवाई शुरू कर दी है। घायलों में मंडी के जोगिंद्रनगर निवासी त्रिलोक चंद, स्वर्णा देवी, कांगड़ा जिले की बैजनाथ तहसील के मंदेड़ निवासी प्रकाश चंद व शुभम कपूर शामिल हैं। जानकारी के अनुसार वीरवार देर रात बैजनाथ के मंदेड़ का एक परिवार हरिद्वार में अस्थियां विसर्जित करने के बाद वापिस आ रहा था।
अंब के पक्का परोह के पास पहुंचते ही गाड़ी चला रहे त्रिलोक चंद ने कार पर से अपना नियंत्रण खो दिया। कार सड़क के बीचों-बीच बने डिवाइडर पर चढ़ गई। तेज रफ्तार होने के चलते गाड़ी डिवाइडर से आगे बढ़ते हुए रेलवे ब्रिज के साथ लगे खंभे से जा टकराई। गाड़ी के टकराने की आवाज सुनते ही वहां पर स्थानीय लोगों की भीड़ लग गई। मौके की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को तुरंत अंब अस्पताल पंहुचाया। जहां डॉक्टर्स ने तीन लोगों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रैफर कर दिया। डीएसपी अंब मनोज जंबाल ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा है कि जल्द ही घायलों के बयान दर्ज कर लिए जाएंगे। मामले की कार्रवाई शुरू कर दी है।