रिकांगपिओ (जीता सिंह नेगी) : किन्नौर जिला के कोठी गांव में बीते मध्य रात्री भीषण आगजनी की घटना में 11 परिवारों बुरी तरह प्रभावित हुए। इस भीष्म आगजनी में जहां आठ परिवारों के आशियाने पूरी तरह जल कर राख हो गए, वहीं तीन मकानों को भी आंशिक रूप से नुकसान हुआ है। गनीमत रही कि इस आगजनी की घटना में कोई जानी नुकसान नही हुआ।
घटना की जानकारी मिलते ही एडीएम कल्पा अविंद्र शर्मा रात में ही घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद आईटीबीपी, फायर बिग्रेड, पुलिस दल सहित कई स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, अन्यथा घटनास्थल के साथ लगते देवी कोठी माता का ऐतिहासिक मंदिर सहित कई लोगों के आशियाने भी आग की भेट चढ़ सकती थी। आग लगने के कारणो का अब तक पता नहीं लग पाया है। पुलिस आग लगने की कारणों की जांच कर रही है।
इस आगजनी की घटना में आठ परिवार अविनाश, देवेंद्र सिंह, सुशील नेगी, गोपाल सिहं, आत्म प्रकाश, सोम प्रकाश, सुरेंद्र सिंह व रामेश्वरी के बहुमंजिला मकान पूरी तरह जल कर राख हो गए। यह प्रभावित परिवार अपना कुछ भी सामान नहीं बचा पाए। रमेश कुमार, विनय कुमार व ठाकुर देवी के मकानों को भी आशिंक रूप से नुकसान हुआ है। इस आगजनी की घटना में प्रारंभिक नुकसान का अनुमान एक करोड़ से भी अधिक का माना जा रहा है।