नाहन, 7 जनवरी : राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मानपुर देवड़ा की छात्रा कल्पना का चयन राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता अंडर-19 के लिए हुआ है। कल्पना ने यह उपलब्धि कांगड़ा में आयोजित राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता में हासिल की है।
विद्यालय के डीपीई मनीष टंडन ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता में विद्यालय मानपुर देवड़ा की तीन हॉकी खिलाड़ी छात्राओं ने भाग लिया। जिनमे से कल्पना ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी प्रदर्शन के आधार पर कल्पना का चयन राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता जालंधर में आयोजित की जाएगी। जिसमें कल्पना गोलकीपर के रूप में अपनी भूमिका निभाएगी। विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल कुमार नागवाल ने छात्रा को अपना आशीर्वाद देते हुए कहा कि बहुत कम समय में विद्यालय ने इस प्रकार की उपलब्धि हासिल की, जोकि संपूर्ण इलाके एवं जिला सिरमौर के लिए बड़े गर्व का विषय है।
विद्यालय के एसएमसी अध्यक्ष कृष्ण कुमार, एसएमसी सदस्य विक्रम सिंह, हरविंदर सिंह सितार मोहम्मद, मानपुर देवड़ा पंचायत प्रधान कुसुम देवी, उप प्रधान संदीप कुमार, बीडीसी सदस्य अबीता देवी, शेर सिंह, उमापाल, रमापाल, रामकुमार, रिंकू राम, राकेश कुमार, नंद वीर सिंह, अशोक कुमार, सहित सभी स्थानीय निवासियों ने इस उपलब्धि के लिए विद्यालय के प्रधानाचार्य, डीपीई व विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।