धर्मशाला, 7 मई : हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जनपद के फतेहपुर से दर्दनाक खबर है। जमा दो की पढ़ाई कर रहे किशोर वंश को तेज रफ्तार बाइक ने उस समय टक्कर मार दी, जब वो फतेहपुर पुल से घर लौट रहा था। हादसे में किशोर की मौत हो गई।
मृतक वंश पुत्र करतार सिंह निवासी फतेहपुर सेना में भर्ती होने की तैयारी कर रहा था। इसी कारण वो दौड़ लगाने के लिए शनिवार शाम के वक्त घर से निकला था। वापस लौटने के दौरान दुर्घटना का शिकार हो गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक वंश शाम के समय दौड़ लगाकर पुल से गुजर रहा था।
इसी दौरान बाइक की टक्कर में गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही किशोर की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया।