नई दिल्ली, 04 अप्रैल : सिक्किम के नाथुला पहाड़ी दर्रे में हिमस्खलन होने की सूचना मिली है। अभी तक की जानकारी के मुताबिक हिमस्खलन से सात पर्यटकों की मौत हो गई और 11 लोग घायल हो गए। वहीं अभी भी कई लोगों के बर्फ के बीच फसे होने की आशंका है। जिनके लिए सर्च ऑपरेशन जारी है। बताया जा रहा है कि जिस समय हिमस्खलन हुआ उस समय यहां 150 से अधिक सैलानी मौजूद थे। हिमस्खलन सिक्किम नाथुला सीमा क्षेत्र में हुआ है।
सेना के अधिकारियों ने कहा है कि गंगटोक को नाथुला से जोड़ने वाले जवाहरलाल नेहरू रोड पर 15वें मील के समीप मंगलवार को सुबह करीब 11 बजकर 30 मिनट पर हिमस्खलन हुआ। इससे घायल हुए सात लोगों ने नजदीकी सैन्य अस्पताल में दम तोड़ दिया। इनमें चार पुरुष, एक महिला और एक बच्चा भी शामिल है। पुलिस के अनुसार, 150 से अधिक पर्यटक अभी भी 15 मील से आगे फंसे हुए हैं।
इस बीच, बर्फ में फंसे करीब 30 पर्यटकों को बचा लिया गया है और उन्हें गंगटोक के एसटीएनएम अस्पताल और सेंट्रल रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चेकपोस्ट के महानिरीक्षक द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, “पास केवल 13वें मील के लिए जारी किए जाते हैं, लेकिन पर्यटक बिना अनुमति के 15वें मील की ओर गए। यह घटना 15वें मील पर हुई। “