नाहन (एमबीएम न्यूज) : गर्मी लगातार बढ़ती जा रही है। इस वर्ष अत्यधिक सूखा पडऩे के कारण आग लगने की घटनाओं में भी इजाफा हो रहा है।विगत वर्षों की तुलना में इस वर्ष जंगलों में आग के मामलों में काफी इजाफा हुआ है, क्योंकि इस साल फायर सीजन करीब 15 दिन पहले ही आरंभ हो गया था। गर्मी के मौसम में अब तक सिरमौर जिला के जंगलों में 232 मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें करीब 3758 हैक्टेयर क्षेत्र आग से प्रभावित हुआ है। इसमें करीब साढ़े 15 लाख का नुकसान आंका गया है।
इस वक्त सिरमौर वन महकमे के पास जिला में 276 वन बीटे हैं, जिसमें से 176 बीटें आग की दृष्टि से काफी संवेदनशील हैं। उधर लगातार वनों में बढ़ रही आग की घटनाओं से निपटने के लिए वन विभाग भी एड़ी-चोटी का जोर लगाए है। आग की घटनाओं से निपटने के लिए टास्क फोर्स का गठन भी किया गया है। वृत मंडल व रेंज स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं। यही नहीं फील्ड स्टाफ की छुट्टियां भी रद्द की गई हैं। वन अरण्यपाल वाईपी गुप्ता ने बताया कि अब तक 232 मामले सामने आ चुके हैं।