सोलन, 25 जून : तीन दिवसीय राज्य स्तरीय शूलिनी मेले में दूसरे दिन गौ वंश की प्रदर्शनी मुख्य आकर्षण का केन्द्र रही। स्वास्थ्य मंत्री डॉ राजीव सैजल ने प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। आठ किस्मों की उत्तम स्वदेशी गायों की नस्लों को देखा व गौ संरक्षण की बात कही।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि गौ माता की रक्षा करना हम सभी का कर्तव्य है। प्रदर्शनी में एक से बढ़कर एक गाय लोगों को लुभाने में कामयाब रही। वहीं लोगों को बेहतर गौ सेवा करने एवं उनकी उचित देखरेख करने के बारे में विभाग द्वारा जागरूक भी किया गया। इसके अलावा विभिन्न आयोजन इस मेले में आयोजित किए जा रहे है।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ राजीव सैजल ने बताया कि प्रदेश सरकार गौ संरक्षण के लिए भरसक प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में राज्य स्तरीय मेले में दूसरी बार गौ प्रदर्शनी लगाई गई है। जिसमें 8 उत्तम किस्मों की गौ की प्रदर्शनी लगाई गई है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि सभी को गौ संरक्षण की और जाना चाहिए। गौ को हमारे हिंदू समाज में माता का दर्जा दिया गया है।