नाहन, 27 मई : 2008 में पांवटा साहिब के बाता मंडी में दिवंगत उद्योगपति सुबोध अब्भी की बेटी पीयूषा अब्भी ने ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं की आर्थिकी को मजबूत करने के मकसद से एक स्वयं सहायता समूह (श्रम) शुरु किया था। 14 साल से निरंतर ऊंचाई की तरफ अग्रसर समूह को मिशन चेतना ने ‘चेतना हीरो अवार्ड’ (Chetna Hero Award) से सम्मानित किया है।
समूह ही हर सदस्य का सीना फक्र से उस समय भी चौड़ा हो गया था, जब चेतना अवार्ड सेरेमनी में लॉन्च की गई कॉफी टेबल बुक में समूह की गतिविधियों व उपलब्धियां प्रकाशित हुई। बता दें कि दिवंगत सुबोध अब्भी क्षेत्र के एक नामी उद्योगपति थे, जिन्होंने अपने प्रोडक्टस को भी पर्यावरण हितैषी बनाकर मार्किट में लॉन्च किया था।
समूह की संस्थापक पीयूषा को जम्मू व कश्मीर के लेफ्टिनेंट गवर्नर मनोज सिन्हा (Lieutenant Governor Manoj Sinha) ने दिल्ली में आयोजित एक शानदार समारोह में अवार्ड से अलंकृत किया है। इस समारोह में राज्यसभा के सदस्य केजे एलफॉन्स (KJ Alphonse) के अलावा नामी पत्रकार उषा राय भी गवाह बनी।
सामाजिक कार्यों के प्रति भी वो बेहद ही संवेदनशील रहा करते थे। समाज के लिए कुछ करने की चाह पीयूषा अब्भी को विरासत में मिली है।
गौरतलब है कि हाल ही में दिल्ली में आयोजित समारोह में देश भर से महिलाओं के स्वयं सहायता समूहों को आमंत्रित किया गया था। बेहतरीन कार्य करने वाले समूहों को ‘चेतना हीरो अवार्ड’ से सम्मानित किया गया।
उधर, पीयूषा ने कहा कि अवार्ड मिलने से हौसला अफजाई हुई है, वो मिशन चेतना फाउंडेशन (Mission Chetna Foundation) का दिल की गहराईयों से आभार प्रकट करती है। उन्होंने कहा कि पता ही नहीं चला, 14 साल कैसे बीत गए। ग्रामीण महिलाओं के साथ कार्य करने का एक अलग ही अनुभव है।
दीगर है कि स्वयं सहायता समूह द्वारा Sywan Hues प्रोडक्टस को लॉन्च किया गया है। इसमें हैंडीक्राफ्ट भी शामिल हैं।