चंडीगढ़/शिमला, 27 दिसंबर : सोमवार को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जयराम सरकार के चार साल पूरा होने पर मंडी रैली में शिरकत की। वहीं, दूसरी तरफ चंडीगढ़ के नगर निगम के चुनाव में भाजपा को दूसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा। सिटी ब्यूटीफुल में हिमाचलियों की मौजूदगी खासी है।
अब इस सवाल का जवाब भी तलाशा जा रहा है कि क्या इन परिणामों का असर हिमाचल के विधानसभा चुनाव में होगा या नहीं। चंडीगढ़ नगर निगम के चुनाव में आम आदमी पार्टी 14 सीटें जीतकर सिरमौर बनी है। बीजेपी को 12 सीटों पर संतोष करना पड़ा, जबकि कांगे्रस की झोली में 8 सीटें आई हैं। शिरोमणि अकाली दल ने एक सीट पर जीत हासिल की है।
बता दें कि भाजपा प्रत्याशी व निवर्तमान मेयर रविकांत शर्मा भी चुनाव हारे हैं। उन्हें आप प्रत्याशी ने ही हरा दिया। उधर, हिमाचल कांग्रेस कमेटी की सचिव दयाल प्यारी ने कहा कि वार्ड नंबर 20 में कांग्रेस को 15 साल बाद विजय हासिल हुई है। इस वार्ड में कांग्रेस ने उन्हें बतौर प्रभारी जिम्मेदारी सौंपी थी।
दयाल प्यारी ने कहा कि कांग्रेस के उम्मीदवार गुरु चरणजीत सिंह ने चुनाव जीता है। बता दें कि पिछले एक दशक में सिरमौर व सोलन जिलों से बड़ी संख्या में लोग चंडीगढ़ में सैटल हुए हैं।