शिमला, 25 अक्तूबर : भाजपा ने जुब्बल-कोटखाई महिला मोर्चा की अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व महामंत्री सहित सात पदाधिकारियों को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है। इन सातों पर जुब्बल-कोटखाई उपचुनाव में पार्टी समर्थित उम्मीदवार के खिलाफ चुनाव प्रचार करने और पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है।
जुब्बल कोटखाई में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व बागवानी मंत्री दिवंगत नरेंद्र बरागटा के बेटे चेतन बरागटा को भाजपा की टिकट नहीं मिलने से भाजपा में कई कार्यकर्ता नाराज चल रहे हैं। भाजपा ने इस सीट पर जिला परिषद सदस्य रही नीलम सरैइक को उम्मीदवार बनाया है। जबकि चेतन बरागटा निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा जुब्बल मंडल के कई पदाधिकारी अपने पदों से इस्तीफे देकर चेतन बरागटा के पक्ष में जनसमर्थन मांग रहे हैं। हालांकि भाजपा ऐसे कार्यकर्ताओं को निष्कासित कर चुकी है। अब महिला मोर्चा के कार्यकर्ताओं को निष्कासित किया गया है।
प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष रश्मिधर सूद ने बताया कि जिन कार्यकर्ताओं को निष्कासित किया गया है, उनमें जुब्बल कोटखाई मंडल अध्यक्ष नैना तैनटा, उपाध्यक्ष पिंकी व महामंत्री रजनी, महासू जिला उपाध्यक्ष विजेता, सचिव पूनम, विशेष आमंत्रित सदस्य रुब्ज़ा और मीनाक्षी शामिल हैं।