शिमला, 2 अगस्त : हिमाचल प्रदेश में शिक्षित बेरोजगारों का आधिकारिक आंकड़ा सामने आया है। प्रदेश के रोजगार कार्यालयों में शिक्षित बेरोजगारों की संख्या 8 लाख 46 हज़ार 209 पाई गई है। बीते दो वर्षों में 28,661 लोगों को सरकारी नौकरी मिली है। इनमें सरकारी महकमों में नियुक्त आउटसोर्स कर्मचारी भी शामिल हैं।
हिमाचल विधानसभा में सोमवार को विधायक मुकेश अग्निहोत्री, सुखविंद्र सिंह सूक्खु और विक्रमादित्य सिंह के संयुक्त सवाल के लिखित जवाब में उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर ने ये जानकारी दी।
उद्योग मंत्री ने बताया कि 31 जनवरी 2020 तक राज्य के रोजगार दफ्तरों में 8 लाख 46 हज़ार 209 शिक्षित बेरोजगार दर्ज हैं। जिनमें स्नातकोत्तर बेरोजगारों की संख्या 76,318 है। स्नातक बेरोजगारों का आंकड़ा 1 लाख 36 हज़ार 517 है। बेरोजगारों की सबसे बड़ी तादाद बाहरवीं पास युवाओं की है। इनका आंकड़ा 4 लाख 4 हज़ार 819 है। इसके अलावा मैट्रिक पास बेरोजगार युवाओं की संख्या 1 लाख 95 हज़ार 548 और मेट्रिक से नीचे बेरोजगार युवाओं की तादाद 33 हज़ार 7 है।
मंत्री ने जानकारी दी कि पिछले दो वर्षों (31 जनवरी 2020) में 28,661 लोगों को सरकारी रोजगार मिला है। इनमें 3109 लोगों को नियमित, 17390 लोगों को अनुबंध, 415 को दैनिक भोगी और आंशिक व आउटसोर्स आधार पर 7747 लोगों को नौकरी मिली है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के बाहर के लोगों को हिमाचल में नौकरियों पर रोक लगाने के लिए नियमों में संशोधन किया गया है। तृतीय व चतुर्थ श्रेणी पदों पर भर्ती के लिए पात्रता नियम 2019 का सृजन किया गया है।