शिमला, 2 अप्रैल : हिमाचल प्रदेश में 5 व 6 अप्रैल को मौसम का मिजाज कई जिलों में भारी पड़ सकता है। इसे लेकर मौसम विज्ञान केंद्र ने पूर्वानुमान के साथ चेतावनी जारी की है। इस दौरान लाहौल-स्पीति व किन्नौर को छोड़कर राज्य के अन्य 10 जिलों में भारी ओलावृष्टि व आंधी-तूफान आने की संभावना है। कहीं-कहीं हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटे तक भी हो सकती है। जिससे जनजीवन प्रभावित होने का अंदेशा भी है।
मौसम के तेवरों को देखते हुए घरों से बाहर निकलते समय लोगों को सचेत रहने की आवश्यकता है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के डायरेक्टर मनमोहन सिंह ने बताया कि राज्य में 4 से 7 अप्रैल को मौसम खराब रहेगा। मैदानी व मध्यपर्वतीय इलाकों में 5 व 6 अप्रैल को अंधड़ व बिजली कड़कने के साथ तेज़ ओलावृष्टि होने के आसार हैं। इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
उन्होंने बताया कि हमीरपुर, बिलासपुर, मंडी, सोलन, शिमला, ऊना, सिरमौर व कांगड़ा सहित चम्बा और कुल्लू के निचले इलाकों में ओले गिरने की आशंका है। इस बीच शुक्रवार को राजधानी शिमला सहित राज्य के अधिकांश स्थानों पर धूप खिली रही। इससे मैदानों में दिन के समय उमस महसूस की जा रही है।
उधर, राज्य के न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। शिमला में न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री, सुन्दनगर में 6.7, भुंतर में 7.9, धर्मशाला में 9.4, ऊना में 9, नाहन में 16.1, पालमपुर में 9.7 और कांगड़ा में 10 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है।