शिमला, 23 दिसंबर: सिरमौर के संगड़ाह महाविद्यालय के सतीश तोमर के बाद हिमाचल की दो बेटियों व एक बेटे का भी चयन 26 जनवरी को राजपथ की परेड़ में होने का समाचार है। चारों ही युवा राजपथ की परेड (Republic day Parade) की एनएसएस टुकड़ी में शामिल होंगे। यूनिवर्सिटी इंस्टीटयूट ऑफ़ लीगल स्टडीज चैड़ा मैदान (UILS) की एक छात्रा के अलावा ऊना के दो युवाओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। ऊना के राजकीय महाविद्यालय दौलतपुर चौंक व अंब के महाराणा प्रताप काॅलेज से दो युवाओं की भी परेड में हिस्सेदारी रहेगी।
हिमाचल प्रदेश की ताजा खबरों के लिए Join करे MBM News Network का व्हाट्सएप Group
बता दें कि राज्य से 20 लड़कों व 20 लड़कियों का चयन प्री-रिपब्लिक डे परेड के लिए हुआ था। अंतिम सूची में चार का चयन हुआ है। दिल्ली में किसान आंदोलन की वजह से प्री रिपब्लिक डे परेड का आयोजन राजपुरा के एक निजी विश्वविद्यालय (Private University) में 13 से 15 दिसंबर तक किया गया था। उल्लेखनीय है कि राज्य से एनएसएस से चार युवाओं का चयन हुआ है।
ये भी पढ़े : 26 जनवरी 2021 : राजपथ की परेड में होगा सिरमौर का NSS स्वयंसेवक “सतीश तोमर”
सराज की पहली बेटी..
राजपथ परेड की एनएसएस टुकड़ी में सराज की मोनिका कुमारी का चयन हुआ है। चार साल से कानून की पढ़ाई कर रही मोनिका गणतंत्र दिवस परेड में भाग लेने वाली सराज की पहली बेटी होगी।
पिता का कहना है कि कानून की पढ़ाई कठिन होने के बावजूद भी मोनिका ने एनएसएस में सराहनीय कार्य किया है। पिता ने यूआईएलएस के निदेशक संजय सिद्धू व कार्यक्रम अधिकारी डाॅ. सीमा कश्यप व प्रोग्राम संयोजक डाॅ. गीताजंलि भाटिया का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि वो दिल की गहराईयों से संस्थान का आभार प्रकट करते हैं, जिन्होंने बेटी को आगे जाने का मौका दिया।
ये भी पढ़े : कैबिनेट : हिमाचल में स्कूल 12 फरवरी तक बंद, रविवार को खुले रहेंगे बाजार
ऊना के अंब की दीक्षा..
महाराणा प्रताप डिग्री काॅलेज अंब में बीए तृतीय वर्ष की छात्रा दीक्षा ने अपने संस्थान के साथ-साथ माता-पिता को गौरवान्वित किया है। दीक्षा भी उस टुकड़ी में शामिल हैं, जो गणतंत्र दिवस के मौके पर राजपथ पर मार्चपास्ट करेंगी। प्राचार्य डाॅ. रमन कुमार शर्मा का कहना था कि काॅलेज के एनएसएस विंग से लंबे अरसे बाद किसी छात्रा का चयन हुआ है। मूलतः पंजोआ पंचायत की रहने वाली दीक्षा का संबंध एक सामान्य परिवार से है। राष्ट्रीय स्वयंसेवा योजना के प्रति काफी समय से समर्पित रही हैं। लाजमी तौर पर दीक्षा ने पढ़ाई के साथ-साथ अन्य क्षेत्र में भी एक बड़ी उपलब्धि अर्जित की है। 31 दिसंबर को दीक्षा भी अपने तीन अन्य साथियों के साथ दिल्ली रवाना हुई।
दौलतपुर चौंक से निखिल ठाकुर..
राजपथ परेड की एनएसएस टुकड़ी में राजकीय महाविद्यालय दौलतपुर चौंक के निखिल ठाकुर का चयन भी सामाजिक, सांस्कृतिक, भाषण, शारीरिक व मानसिक स्तर की बारीकियों की दक्षता को आंकने के बाद हुआ है। प्री रिपब्लिक डे परेड कैंप में निखिल ठाकुर को सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवियों में आंका गया। निखिल ने बताया कि कड़ी प्रतिस्पर्धा के माध्यम से पुरुष वर्ग में चयन हुआ है। वो रिपब्लिक डे परेड को लेकर काफी उत्साहित हैं। इसी बीच महाविद्यालय के प्राचार्य आरके शर्मा ने कहा कि निखिल ठाकुर एक होनहार, अनुशासित व संयमशील स्वयंसेवी है। चयन से महाविद्यालय का नाम भी रोशन हुआ है। उन्होंने बताया कि काॅलेज के इतिहास में यह पहला मौका है, जब एनएसएस के स्वयंसेवी का चयन राजपथ परेड के लिए हुआ है।