शिमला : हिमाचल में 31 मई तक लाॅकडाउन के चलते टैक्सी सेवा बंद रहेगी। पहली जून से सार्वजनिक परिवहन के बहाल होने पर ही टैक्सी सेवा शुरू होगी। हिमाचल कैबिनेट ने बुधवार को यह निर्णय लिया है। हालांकि बीते शनिवार को हुई कैबिनेट में सरकार द्वारा टैक्सी सेवा को तुरंत बहाल करने की मंजूरी दी गई थी। लेकिन आज कैबिनेट ने इसे पलट दिया और पहली जून से टैक्सियों के संचालन का निर्णय लिया। कैबिनेट बैठक के बाद शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने पत्रकारों के साथ बातचीत करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लाॅकडाउन में कई लोग टैक्सियों के जरिए पठानकोट से मनाली तक पहुंच गए थे, जिससे दिक्कतें पैदा हो गई थीं। इसलिए सरकार ने पहली जून से पब्लिक ट्रांसपोर्ट के साथ ही टैक्सियों की आवाजाही खोलने का फैसला लिया है।
उन्होंने कहा कि कैबिनेट ने शिक्षा विभाग में तैनात जलवाहकों को 13 साल में नियमित करने को स्वीकृति दी है। अब जलवाहक आठ साल के पार्ट टाइम सेवा काल और पांच साल के डेली वेज के सेवा काल के बाद नियमित कर दिया जाएगा। इससे पहले यह अवधि 14 साल थी। उन्होंने कहा कि कैबिनेट ने स्कूल वर्दी योजना के इस साल के टैंडर को भी मंजूरी प्रदान की है। इसके अलावा महिला बाल विकास विभाग में स्टैस्टिकल असिसटैंट के 10 पद भरने, कुल्लू के सेरी भेखली वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में विज्ञान कक्षाएं आरंभ करने व प्रवक्ताओं के दो पद सृजित करने का निर्णय लिया है।
उन्होंने कहा कि राज्य के विभिन्न सरकारी विभागों के पास बिना खर्च किया 12 हजार करोड़ रूपया पड़ा है। आधा पैसा अकेले लोकनिर्माण विभाग के पास है। यह धनराशि साल 2001 से खर्च नहीं हुई है। कैबिनेट ने इस धनराशि को विकासात्मक कार्यों में खर्च करने को मंजूरी प्रदान की है।