एमबीएम न्यूज़/शिमला
कुमारसेन तहसील के नारकंडा इलाके में एक पिकअप (एचपी-62 4660) हादसे का शिकार हो गई। नारकंडा के फिरनू मोड़ पर पिकअप अनियंत्रित होकर 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। बीती रात हुए इस हादसे में पिकअप सवार एक शख्स की मौत हो गई। पिकअप का चालक घायल हो गया। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक पिकअप सवार दोनों व्यक्ति एक ही गांव के रहने वाले थे।
कुमारसेन स्थित अपने गांव कनोट जा रहे थे। मृतक युवक की शिनाख्त संजीव डोगरा (36) पुत्र अमर चंद के रूप में हुई है। घायल चालक का नाम परमिंदर है। उसका स्थानीय अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के उपरांत शव को आज परिजनों को सौंप दिया। वहीं चालक के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने का केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।