पार्षद संजय परमार से सरेआम नेशनल हाईवे पर दबंगई
नाहन (एमबीएम न्यूज): भाजपा के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता डॉ. राजीव बिंदल ने राज्य की कांग्रेस सरकार पर बड़ा हमला बोला है। शिमला नगर निगम के पार्षद संजय परमार प्रकरण पर पहली बार बोलते हुए बिंदल ने कहा कि सरकार ने गुुंडागर्दी की तमाम सीमाओं को लांघ दिया है। उन्होंने कहा कि नेशनल हाईवे पर सरेआम पार्षद को रोक कर दबंगई दिखाना, साथ ही वीडियो बनाना इस बात को साबित करता है कि राज्य की कांग्रेस सरकार नगर निगम के चुनाव की हार सेे बुरी तरह बौखलाई हुई है।
बिंदल ने कहा कि महज तीन महीने बाद प्रदेश में भाजपा की सरकार काबिज होने जा रही है। उन्होंने कहा कि परमार से मारपिटाई का दिन प्रदेश के काले अध्याय में जुड़ गया है। सर्किट हाऊस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए बिंदल ने कहा कि जिन लोगों ने परमार से मारपिटाई की हैं, वह तमाम लोग भाजपा सरकार के निशाने पर होंगे। बिंदल ने कहा कि विक्रमादित्य के गुंडों ने दो साल पहले भाजपा कार्यालय दीप कमल में कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की, जिसके खिलाफ आज तक विक्रमादित्य के खिलाफ प्रशासन व सरकार मामला दर्ज नहीं कर पाई।
बिंदल ने कहा कि कांग्रेस का गुंडागर्दी करने का पुराना इतिहास है। उन्होंने कहा कि भाजपा संजय परमार के पूरी तरह साथ है। गौरतलब है कि बुधवार को भाजपा की सतीवाला परिवर्तन यात्रा में परमार को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज चौहान से सम्मानित भी करवाया गया था। दीगर बात यह भी है कि शिमला नगर निगम के चुनाव में अगर परमार भाजपा के खेमे में न आते तो समीकरण अलग हो सकता था।