कुल्लू (नीना गौतम) : सैंज में भाजपा की रथ यात्रा पहुंचते ही भाजपा के दो गुटों की आपस में भिड़ंत हो गई है। जानकारी के अनुसार यहां भाजपा के खीमी राम व सुरेंद्र शौरी गुटों में जबरदस्त भिड़ंत हो गई। सैंज मैदान में आयोजित रथ यात्रा की जनसभा को इस हंगामे के बाद आधे घन्टे के लिए रोकना पड़ा। दोनों गुटों के समर्थकों में जमकर नारेबाजी के बाद हाथापाई हुई।
इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार, जय राम ठाकुर, राम स्वरूप शर्मा, महेश्वर सिंह, अजय राणा आदि नेता मौजूद रहे। इन नेताओं के सामने ही यह सारा ड्रामा हुआ।
बाद में विधायक महेश्वर सिंह ने बीच बचाओ करके इस हंगामे को शांत तो कर दिया, लेकिन अब तकरार बढ़ने की आशंका बढ़ गई है। बताया जा रहा है कि इस रथ यात्रा रैली में शौरी गुट के समर्थक ने शौरी के पक्ष में नारेबाजी की, लेकिन जैसे ही उन्हें रोकने की कोशिश हुई तो मामला बिगड़ गया। मैदान में ही झड़प हो गई और दोनों गुटों के समर्थक आपस में भिड गए।
गौर रहे कि यहां से खीमी राम शर्मा पहले प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के अलावा विस उपाध्यक्ष व वन मंत्री रहे हैं। वर्तमान में भी खीमी राम शर्मा टिकेट के प्रवल दावेदार हैं, लेकिन सुरेंद्र शौरी ने धरती पुत्र का नारा देते हुए टिकेट की दावेदारी की है।