ऊना, 10 मार्च : जिला मुख्यालय के साथ लगते घालुवाल पुल के समीप श्रद्धालुओं से भरा टेंपो पलट गया। हादसे में 17 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। जबकि 8 बच्चों समेत 14 लोग जख्मी हुए हैं।
मृतक किशोरी की पहचान साक्षी देवी पुत्री केहर सिंह निवासी धमांदरी के रूप में हुई है। हादसे में सभी घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में भर्ती करवाया गया है। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक धमांदरी गांव के करीब 20 श्रद्धालु रविवार दोपहर टेंपो में सवार होकर घालुवाल स्थित स्वां नदी में खैतरी बहाने के बाद वापिस घर लौट रहे थे। पुल के समीच अचानक ही टेंपो पलट गया। हादसे 14 श्रद्धालु घायल हुए। सभी घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना लाया गया, जहां पर साक्षी देवी निवासी धमांदरी को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का उपचार जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
एएसपी ऊना प्रवीण धीमान ने बताया कि घालुवाल हादसे में एक बच्ची की जान गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। अन्य घायलों का उपचार जारी है।