नाहन: पर्यावरण दिवस पर हिमकोस्ट द्वारा आयोजित पेंटिंग प्रतियोगिता में डीएवी स्कूल के नौंवी कक्षा के छात्र ने सीनियर वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया है। नौंवी कक्षा के छात्र की पेंटिंग देखकर मूल्यांकन करने वाले भी दंग रह गए होंगे। इस साल एनवायरंमेंट इश्यूज फोकस ऑन बाॅयो डाइवर्सिटी कंजर्वेशन शीर्षक तय किया गया था।
नौंवी कक्षा के सानिध्य जिंदल ने इतनी बखूबी अपने विचारों को पेंटिंग में उकेरा कि उसे सबसे बेहतरीन आंका गया। ऑनलाइन आयोजित इस प्रतियोगिता का आयोजन पहले जिला स्तर पर किया गया था। चयनित प्रविष्टि का मूल्यांकन राज्य स्तर पर किया गया था। प्रतियोगिता का समन्वय विज्ञान पर्यवेक्षिका शालू परमार ने किया। बहरहाल, सानिध्य जिंदल ने समूचे प्रदेश में पहला स्थान हासिल कर सिरमौर को गौरवान्वित किया है। इस उपलब्धि पर सानिध्य को 2 हजार की राशि के अलावा प्रशस्तिपत्र प्राप्त हुआ है।