• Skip to primary navigation
  • Skip to main content
  • Team
  • Services
  • Contact
  • Matrimony

MBM NEWS NETWORK

Indian News

  • होम
  • हिमाचल प्रदेश
    • सिरमौर
    • सोलन
    • मंडी
    • उद्योग
    • दुर्घटनाएं
    • उद्योग
    • खेलकूद
  • सामान्य ज्ञान
  • साहित्य
  • विडियो
  • फिल्मी दुनिया
    • मनोरंजन
  • राजनैतिक
  • मनोरंजन
  • युवा
  • क्राइम
  • नेशनल
  • अंतर्राष्ट्रीय 

una news

दिल्ली रवाना हुए यूक्रेन में MBBS की पढ़ाई छोड़ भारत लौटे छात्रों के अभिभावक…

July 5, 2022 by MBM News Network

ऊना, 05 जुलाई : युद्ध की परिस्थितियों के बीच यूक्रेन में डॉक्टरी की पढ़ाई छोड़कर भारत वापस लौटने वाले छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों में भविष्य को लेकर चिंताएं विकराल रूप धारण करने लगी हैं। लंबे अरसे से सभी छात्र छात्राओं को भारतीय मेडिकल कॉलेजों में दाखिला देने की मांग कर रहे है। अभिभावकों ने अपनी मांग के लिए अब धरना प्रदर्शन के रास्ते को चुना है।

सोमवार देर रात दौलतपुर चौक से दिल्ली के बीच चलने वाली हिमाचल एक्सप्रेस रेलगाड़ी के माध्यम से इन तमाम छात्र छात्राओं के अभिभावकों ने दिल्ली में धरना प्रदर्शन करते हुए अपनी आवाज बुलंद करने को रवाना हुए। 

अभिभावकों ने कहा कि इस मांग को लेकर वे पहले भी सरकार के समक्ष आवाज उठा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें पूरी तरह से अनसुना किया गया है। लिहाजा उन्हें अब संघर्ष के रास्ते पर चलने को मजबूर होना पड़ा है। अभिभावकों में ब्रजेश शर्मा और संजीव कुमार ने कहा कि उनके बच्चों ने भी प्रतियोगी परीक्षाओं में खुद को साबित किया है, जिसके बाद उन्हें यूक्रेन में पढ़ने के लिए भेजा गया। अभिभावकों का कहना है कि उन्होंने अपनी पूरी जमा पूंजी अपने बच्चों की पढ़ाई पर खर्च कर दी है, लेकिन अब उनके बच्चों का भविष्य अंधकारमय होता जा रहा है। 

उन्होंने कहा कि इससे पहले भी प्रदेश सरकार से लेकर केंद्र सरकार के कई नुमाइंदों के पास यूक्रेन से लौटे बच्चों के अभिभावक अपनी बात रख चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद किसी ने उनकी सुनवाई नहीं की। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके बच्चों का भविष्य उजड़ने नहीं देंगे।

यूक्रेन में एमबीबीएस प्रथम वर्ष की छात्रा शिल्पा वर्मा ने कहा कि महज 3 महीने उनकी पढ़ाई नियमित तरीके से चली, जिसके बाद युद्ध के कारण उन्हें वापस भारत लौटना पड़ा। उन्होंने कहा कि सरकार उन्हें भारतीय मेडिकल कॉलेज में पढ़ाई का मौका दें ताकि वह अपना भविष्य संवार सकें।

Filed Under: ऊना, युवा, हिमाचल प्रदेश Tagged With: Himachal News In Hindi, una news

#Una : पिता ने गांव के युवक पर बेटी को अगवा करने का लगाया आरोप

July 5, 2022 by MBM News Network

ऊना, 05 जुलाई : जनपद के उपमंडल अम्ब के तहत एक व्यक्ति ने अपने ही गांव के एक युवक पर उसकी बेटी को अगवा करने का आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार पीड़ित व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि घर में उसके पिता की मौत के बाद पहली बरसी का कार्यक्रम था।

पूरा परिवार बरसी के कार्यक्रम में व्यस्त था, लेकिन दोपहर करीब एक बजे उन्होंने पाया कि उसकी बेटी घर में नहीं दिख रही है। जिसके बाद उसे पूरा परिवार ढूंढने में लग गया, लेकिन वह नहीं मिली। सभी लोग परेशान हो गए। इसी बीच उन्हें किसी ने सूचना दी कि उनके ही गांव का आरोपित युवक रवि कुमार उनकी बेटी को जबरदस्ती अगवा करके ले गया है।

आरोपित ने जबरदस्ती उनकी बेटी को अपने कब्जा में रखा हुआ है। उधर थाना प्रभारी अंब आशीष पठानिया ने बताया कि पुलिस ने इस आरोपित युवक के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज करके मामले की संबंध में जांच शुरू कर दी है।

Filed Under: ऊना, हिमाचल प्रदेश Tagged With: Himachal News In Hindi, una news

8 से 23 जुलाई तक भारी वाहनों के लिए बंद रहेगा ऊना- होशियारपुर रोड

July 5, 2022 by MBM News Network

ऊना, 05 जुलाई : ऊना से होशियारपुर राष्ट्रीय राजमार्ग 503 पर आगामी 8 जुलाई से 23 जुलाई तक भारी वाहनों (यात्री तथा अन्य व्यवसाय) की आवाजाही वाया बनखंडी बंद रहेगी। यह जानकारी एसडीएम ऊना डॉ. निधि पटेल ने इस संबंध में आयोजित बैठक के दौरान दी।

उन्होंने बताया कि इस अवधि में सुबह 7:00 बजे से शाम 7:00 बजे तक सभी भारी वाहन ईसपुर मोड़ से वाया गगरेट होते हुए होशियारपुर जाएंगे तथा होशियारपुर की ओर से बजवाड़ा बट्टा मार्केट प्वाइंट से गगरेट होते हुए ऊना की तरफ आएंगे। 

उन्होंने बताया कि ऊना से होशियारपुर आने जाने वाले दोपहिया वाहनों तथा हल्के चार पहिया वाहनों की आवाजाही निरंतर जारी रहेगी। एसडीएम ने बताया कि सांय 7:00 से प्रातः 7:00 बजे तक सभी प्रकार के वाहन ऊना से होशियारपुर वाया बनखंडी होते हुए आ जा सकते हैं। 

डॉ. निधि पटेल ने बताया कि यह निर्णय पंजाब क्षेत्र में होशियारपुर से ऊना जिला की सीमा तक निर्माणाधीन सड़क मार्ग के निर्माण कार्य के दृष्टिगत लिया गया है, जिसके विषय में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग के परियोजना निदेशक ने लिखित अनुरोध किया था।

बैठक में डीएसपी होशियारपुर वरिंदर खोसा, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग जालंधर के उप प्रबंधक शांतनु उपाध्याय, सचिव आरटीओ होशियारपुर सुखविंदर कुमार, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग के साइट इंजीनियर मुकुल बंसल, हिमाचल पथ परिवहन निगम ऊना के यातायात प्रबंधक दर्शन सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं निजी परिवहन संगठनों के पदाधिकारी व प्रतिनिधि गण उपस्थित थे।

Filed Under: ऊना, हिमाचल प्रदेश Tagged With: Himachal News In Hindi, una news

चिंतपूर्णी के होटल में फंदे से झूला 22 वर्षीय युवक 

July 3, 2022 by MBM News Network

ऊना, 03 जुलाई : चिंतपूर्णी के एक निजी होटल में 22 वर्षीय युवक द्वारा आत्महत्या का मामला प्रकाश में आया है। मृतक की पहचान सुरजीत कुमार पुत्र रामेश्वर जिला राबिया बिहार के रूप में हुई है, जो कि उसी होटल में काम करता था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी चिंतपूर्णी रोहिणी ठाकुर ने बताया कि शनिवार रात को सुरजीत कुमार ने रस्सी से फंदा लगा लिया है। मामले की सूचना मिलने के बाद होटल के अन्य कामगार तुंरत चिंतपूर्णी अस्पताल लेकर पहुंचे। हॉस्पिटल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई करनी शुरू कर दी।

एसडीपीओ अंब इलमा अफरोज ने बताया कि पुलिस के प्रथम दृष्टि में यह हैंगिंग का मामला लगता है। बाकी आरएफएसएल की रिपोर्ट आने के बाद ही बताया जा सकता है। पुलिस ने मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गयी है। 

Filed Under: ऊना, हिमाचल प्रदेश Tagged With: Himachal News In Hindi, una news

‘जमीन पर गाड़ दूंगा’ बयान के बाद युकां कार्यकर्ताओं ने सत्ती का पुतला फूंक जताया विरोध

July 1, 2022 by MBM News Network

ऊना, 30 जून : सीएम जयराम ठाकुर को काले झंडे दिखाने के दौरान युकां कार्यकर्ताओं से हुई मारपीट व छठे वित्त आयोग के अध्यक्ष द्वारा बोले गए शब्द को लेकर जिला में माहौल गर्म हो गया है। इसी को लेकर शुक्रवार को युवा कांग्रेस ने प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष व जिला के प्रभारी महेश्वर सिंह चौहान की अगुवाई में एक विरोध मोर्चा निकाला और अंब चौक में प्रदेश भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती का पुतला जलाया।

सत्ती का पुतला फूंकते युवा कांग्रेस 

चौहान ने कहा किसी का भी विरोध करना देश के नागरिकों का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने कहा कि वीरवार को सतपाल सिंह सत्ती के द्वारा युवा कांग्रेस नेताओं को जमीन में गाड़ देने और जान से मार देने की धमकियां देना एक निंदनीय कार्य है। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी नेता मॉम के बने हुए नहीं हैं और सतपाल सत्ती की बाजू में कितना दम है, यह कांग्रेस भलीभांति जानती है।   

  चौहान ने कहा कि ऐसी अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करना और विरोध करने वालों के साथ मारपीट करना कतई उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि कुछ महीनों बाद ही प्रदेश में चुनाव होने वाले हैं और भाजपा को अपनी सत्ता जाती हुई नजर आ रही है। इसी के चलते भाजपा नेता बौखलाहट में ऐसी ओछी हरकतें कर रही हैं।  

    जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष राघव राणा ने कहा कि युवा कांग्रेस ने मुख्यमंत्री का शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज करवाया मगर भाजपा ने प्रायोजित तरीके से उन लोगों पर हमला करके निंदनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस मुख्यमंत्री को बता देना चाहती है कि चुनाव होने से पूर्व अगर वह जिला ऊना में आते हैं, तो यह युवा कांग्रेस पूरे जोरदार तरीके से उनका विरोध दर्ज करवाएगी। 

Filed Under: ऊना, राजनैतिक, हिमाचल प्रदेश Tagged With: Himachal News In Hindi, una news

ऊना : CM को काले झंडे दिखाने पर हाथापाई, आपस में भिड़े BJP और कांग्रेस के कार्यकर्ता

June 30, 2022 by MBM News Network

ऊना, 30 जून : प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री के बीच में चल रही जुबानी जंग अब सड़कों पर भी उतर आई है। मुकेश अग्निहोत्री के समर्थन में युवा कांग्रेस ने अपने ऐलान के मुताबिक इंदिरा मैदान के समीप मुख्यमंत्री के काफिले को काले झंडे दिखाए।      

हालांकि पुलिस कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे पर युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने सड़क के किनारे खड़े हो काले झंडे दिखा दिए। इसी समय युवा मोर्चा के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए और दोनों पक्षों के बीच नारेबाजी हो गई और मारपीट का मामला पहुंच गया। हालांकि इस दौरान मुख्यमंत्री का काफिला क्रॉस कर चुका था, जिसके बाद दोनों पक्षों में खूब मारपीट हुई।  

 बताया जा रहा है कि युवा कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं को चोटें भी लगी हैं, दोनों पक्षों में खूब नारेबाजी भी हुई। हालांकि युवा कांग्रेस की संख्या कम थी, जबकि युवा मोर्चा के काफी संख्या में नौजवान मौके पर उपस्थित हो गए थे। इस घटना के बाद तनाव पूर्ण माहौल हो गया काफी समय तक चंडीगढ़ मार्ग जाम हो गया, जिसे खुलवाने के लिए प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने जाम खुलवाया हालांकि काफी देर तक दोनों पक्षों सड़क के किनारे डटे हुए थे और अपने अपने पक्ष में नारेबाजी कर रहे थे

युवा कांग्रेस अध्यक्ष राघव व अभिनव के साथ हाथापाई

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के काफिले को काले झंडे दिखाने के बाद युवा कांग्रेस व युवा मोर्चा के बीच हाथापाई हुई। इस हाथापाई में युवा कांग्रेस के अध्यक्ष राघव ठाकुर, युवा नेता अभिनव, तनुज, अखिल अग्निहोत्री के साथ मारपीट हुई। फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है पर विवाद सड़क होकर आगे बढ़ गया है।

सतपाल सत्ती ने किया बीच-बचाव

वित्त आयोग के अध्यक्ष सतपाल सत्ती भी मौके पर पहुंच गए ,वह अपने घर को जा रहे थे, इस दौरान उन्होंने वाद विवाद होता देख गाड़ी को रोका और उन्होंने समझ बूझ के साथ सभी को समझाने का प्रयास किया और मामले को शांत करवाने के लिए युवा कार्यकर्ताओं को समझाया।

Filed Under: ऊना, राजनैतिक, हिमाचल प्रदेश Tagged With: Himachal News In Hindi, una news

हिमाचल में कार की चपेट में आने से पौने दो साल के बच्चे की दर्दनाक मौत 

June 30, 2022 by MBM News Network

ऊना, 30 जून : पुलिस थाना चिंतपूर्णी के तहत बधमाणा में गाड़ी की चपेट में आने से पौने दो साल के बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक बच्चे की पहचान दीपक पुत्र नरेंद्र सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं मां की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस सूचना के अनुसार मधुबाला पत्नी नरिंदर सिंह दोपहर डेढ़ बजे घर के साथ सड़क पर स्कूल बच्चों को छोड़ने आई गाड़ी से अपनी बच्ची को लेने गई। महिला के पीछे उसका पौने दो साल का बेटा दीपक कब आ गया, जिसका मधु बाला को पता नहीं लगा।

इस दौरान गलती से बच्चा गाड़ी के नीचे आ गया। महिला ने जब एकाएक गाड़ी से कोई चीज टकराने की आवाज सुनी, तो महिला ने पीछे मुड़ कर देखा तो वह घबराकर भागी। उसके सामने उसका बेटा दीपक लहूलुहान पड़ा था। वही बच्चे को फटाफट चिंतपूर्णी हॉस्पिटल पहुंचाया गया। जहां से उसको ऊना हॉस्पिटल रैफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में बच्चे ने दम तोड दिया।

थाना प्रभारी रोहिणी ठाकुर ने बताया कि चिंतपूर्णी पुलिस द्वारा चालक राजीव कुमार सपुत्र कश्मीर सिंह गांव बधमाणा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

Filed Under: ऊना, दुर्घटनाएं, हिमाचल प्रदेश Tagged With: Himachal News In Hindi, una news

बीच बाजार दो गुटों में चले तेजधार हथियार, खूनी संघर्ष का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

June 29, 2022 by MBM News Network

ऊना, 29 जून : जनपद के सीमांत कस्बा मैहतपुर के बाजार में दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस वारदात में दोनों गुटों के बीच तेजधार हथियार का प्रयोग किया गया है। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जबकि पुलिस ने वारदात के संबंध में दोनों गुटों के खिलाफ क्रॉस एफआईआर दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

बाजार में दो गुटों के बीच तेजधार हथियार चलने की घटना से कस्बे के लोग भी दहशत में हैं। जानकारी के अनुसार कस्बा मैहतपुर के बाजार में दो गुटों के बीच तेजधार हथियार चलने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यह घटना मंगलवार देर रात की बताई जा रही है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने भी हरकत में आते हुए दोनों गुटों के खिलाफ केस दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

इसी बीच इस घटना का किसी व्यक्ति ने एक वीडियो बनाया जोकि अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल भी हो रहा है। वहीं एडिशनल एसपी प्रवीण कुमार धीमान का कहना है कि पुलिस को मैहतपुर में लड़ाई झगड़े की सूचना मिली थी जिसके बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन की और क्रास केस दर्ज किया है और दोनों गुटों को तलब कर लिया गया है। 

Filed Under: ऊना, हिमाचल प्रदेश Tagged With: Himachal News In Hindi, una news

पेशी के बाद पुलिस कस्टडी से भागा दुष्कर्म का आरोपी, खाकी ने मंसूबों पर फेरा पानी  

June 29, 2022 by MBM News Network

ऊना, 29 जून : जिला मुख्यालय से एक दुष्कर्म आरोपी की पुलिस कस्टडी से भागने का प्रयास करने की घटना सामने आई है। हालांकि आरोपी को पुलिस ने दबोच लिया है उसके खिलाफ केस दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी की पहचान पंजाब के लुधियाना निवासी 27 वर्षीय नरेंद्र कुमार उर्फ और रिक्की के रूप में की गई है।

गौरतलब है कि आरोपी के खिलाफ 30 मई 2022 को जिला मुख्यालय के नजदीकी एक गांव की 12 वर्षीय नाबालिग को बहला फुसलाकर भगा ले जाने के आरोप में केस दर्ज किया गया था। केस दर्ज होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग को इसी आरोपी के कब्जे से बरामद भी किया था। जबकि इसके बाद किए गए मेडिकल में बच्ची के साथ दुष्कर्म होने की भी पुष्टि हुई थी।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 376 और पोक्सो एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया था। बुधवार को आरोपी की रिमांड अवधि खत्म होने के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया था। कोर्ट से आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के आदेश जारी किए गए।

इस दौरान जब पुलिस कर्मचारी आरोपी को न्यायिक हिरासत के लिए लेकर जा रहे थे तो वह पुलिस की कस्टडी से भाग निकला। हालांकि पुलिस कर्मचारियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए जिला मुख्यालय के ही टक्का रोड से आरोपी को धर दबोचा।

एएसपी प्रवीण कुमार ने पुष्टि करते हुए बताया कि 12 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के आरोपी को बुधवार को कोर्ट में पेश किया गया था जहां से पेशी के बाद उसने भागने का प्रयास किया। आरोपी को काबू कर लिया गया है, उसके खिलाफ केस दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी गई हैं।

Filed Under: ऊना, हिमाचल प्रदेश Tagged With: Himachal News In Hindi, una news

गरीबी से तंग आकर 19 वर्षीय BCA की छात्रा ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट बरामद 

June 28, 2022 by MBM News Network

ऊना, 28 जून : उपमंडल गगरेट के कलोह गांव में एक बीसीए की छात्रा ने गरीबी से तंग आकर आत्महत्या कर ली। मृतका के पिता हृदय रोग से पीड़ित हैं, तो मां मनरेगा में मजदूरी कर किसी तरह घर का चूल्हा जला रही थी। मंगलवार को छात्रा का अपने कमरे में ही पंखे से झूलता हुआ शव मिला। पुलिस ने मृतका का एक सुसाइड नोट भी बरामद किया है। जिसमें उसने मौत का कारण आर्थिक तंगी को बताया है।

 गगरेट पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया है। कलोह गांव की उन्नीस वर्षीय सुमन कुमारी ऊना में बीसीए द्वितीय वर्ष की छात्रा बताई जा रही है। सुमन के पिता जगदीश सिंह नगर पंचायत गगरेट के पार्षद भी रह चुके हैं, लेकिन आर्थिक स्थिति ठीक न होने के चलते वह कलोह गांव में जाकर परिवार सहित रहने लगे थे। इन दिनों जगदीश सिंह हृदय रोग से पीड़ित होने के चलते कोई काम करने में भी असमर्थ हैं जबकि मृतका की मां पूनम देवी मनरेगा में मजदूरी कर किसी तरह से घर का चूल्हा जला रही है। 

मृतक सुमन का एक भाई नवीं कक्षा तो एक बहन दस जमा दो की छात्रा बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही गगरेट पुलिस भी मौका पर पहुंची। पुलिस को मृतका के कमरे से एक सुसाइड नोट भी मिला है। जिसमें उसने मौत की वजह आर्थिक तंगी को बताया है। पुलिस ने कमरे में पंखे के साथ चुनरी के सहारे लटके मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

 एसपी अर्जित सेन ठाकुर ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का ही लग रहा है। पुलिस मौत के पुख्ता कारणों को जानने के लिए शव का पोस्टमार्टम करवा रही है।

Filed Under: ऊना, हिमाचल प्रदेश Tagged With: Himachal News In Hindi, una news

  • Go to page 1
  • Go to page 2
  • Go to page 3
  • Interim pages omitted …
  • Go to page 88
  • Go to Next Page »

Copyright © 2022