• Skip to primary navigation
  • Skip to main content
  • Team
  • Services
  • Contact
  • Matrimony

MBM NEWS NETWORK

Indian News

  • होम
  • हिमाचल प्रदेश
    • सिरमौर
    • सोलन
    • मंडी
    • उद्योग
    • दुर्घटनाएं
    • उद्योग
    • खेलकूद
  • सामान्य ज्ञान
  • साहित्य
  • विडियो
  • फिल्मी दुनिया
    • मनोरंजन
  • राजनैतिक
  • मनोरंजन
  • युवा
  • क्राइम
  • नेशनल
  • अंतर्राष्ट्रीय 

Himachal Police

#HP : वेतन विसंगतियों को लेकर पुलिस कर्मियों के अपरोक्ष आंदोलन पर कमेटी गठित

December 5, 2021 by MBM News Network

शिमला, 5 दिसंबर: वेतन विसंगतियों को लेकर पुलिस कर्मियों के अपरोक्ष आंदोलन के चलते पुलिस मुख्यालय ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की टीम गठित की है। टीम का नेतृत्व वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी व आईजी आनंद प्रताप सिंह को सौंपा गया है। इसमें आईजी (प्रशासन) डीके यादव, आईजी (एपीएनटी) जेपी सिंह व पुलिस मुख्यालय के डिप्टी कंट्रोलर (एफ एंड ए) विकाश गुप्ता को बतौर सदस्य शामिल किया गया है।

ये टीम आरक्षी के पद पर तैनात कर्मियों के वेतन में विसंगतियों को लेकर समीक्षा करेगी। शिकायतों पर व्यापक विश्लेषण किया जाएगा। समिति एक सप्ताह के भीतर पुलिस मुख्यालय को रिपोर्ट देगी, ताकि इस मामले को सरकार के समक्ष उठाया जा सके। आदेश में कहा गया है कि वेतन विसंगति को लेकर विभाग को ज्ञापन मिले हैं। साथ ही इस मामले की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से भी मिल रही है। कमेटी को ये भी सलाह दी गई है कि समीक्षा के दौरान पुलिस एक्ट व पुलिस नियमों को भी मद्देनजर रखा जाए।

इसके अलावा पहले के पे स्केल पर भी गौर होना चाहिए। बता दें कि पुलिस कर्मी एक कंडक्ट रूल में बंधे होते हैं। वो अपनी न्यायसंगत मांग के लिए सीधा आंदोलन नहीं कर सकते हैं, लिहाजा अपरोक्ष तौर पर अपनी मांग को लेकर कर्मी डटे हुए हैं। सरकारी मैस का खाना नहीं खाया जा रहा, ताकि अपना रोष प्रकट कर सकें। इसके अलावा पुलिस कर्मियों के परिजन भी समर्थन में आ गए हैं। गौरतलब है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के बिलासपुर प्रवास के दौरान भी पुलिस कर्मियों के परिजनों ने प्रदर्शन किया।

Filed Under: मुख्य समाचार, शिमला, हिमाचल प्रदेश Tagged With: Himachal News In Hindi, Himachal Police, Shimla News

हिमाचल में खाकी को विरोध करने का नहीं हक, आपकी रक्षा में तैनात ये जवान कहां करें फरियाद

November 30, 2021 by MBM News Network

शिमला, 30 नवंबर : जेसीसी की बैठक में आरक्षी के पद पर तैनात पुलिसकर्मियों की अनदेखी का मामला गर्माया हुआ है। कर्मियों ने सरकारी मैस का खाना त्यागा हुआ है। चूंकि पुलिस बल के कर्मियों को अपनी मांग रखने के लिए कोई आंदोलन करने का भी हक नहीं है, लिहाजा ‘अन्न त्याग आंदोलन’ शुरू किया हुआ है। इसमें कोई दो राय नहीं है कि पुलिस के ये जवान ही असल हीरो हैं। कोविड संकट के दौरान अमूल्य योगदान दिया, अब सरकार को पे बैंड से जुड़ी मांग को पूरा करने में जाने क्या मुश्किल है।

मंगलवार को कैबिनेट की बैठक में भी निराशा ही मिली। खाना त्यागने की रिपोर्ट रोजाना रोजनामचा में भी डाली जा रही है। मिली जानकारी के मुताबिक 2013 में भर्ती होने वाले कर्मियों को 5910 प्लस 1900 का वेतनमान दिया गया था। दो साल बाद 10,300 प्लस 3200 कर दिया गया। लेकिन 2015 के बाद से भर्ती होने वाले आरक्षियों को पुराना पे बैंड ही दिया जा रहा हैै। 10,300 प्लस 3200 के लिए 8 वर्ष का प्रोबेशन पीरियड रखा गया है। अंदरखाते पुलिस कर्मियों का दर्द छलक कर सामने आ रहा है।

बड़ा प्रश्न यही है कि जब अन्य विभागों के कर्मचारियों को दो साल बाद वेतनमान मिल जाता है तो उन्हें क्यों नहीं। पुलिस जवानों की कोई यूनियन भी नहीं है। न ही कोई विरोध प्रदर्शन कर सकते हैं। इसकी वजह उनके ऊपर लागू होने वाले आर एंड पी रूल्स हैं। सोशल मीडिया में अपरोक्ष तौर पर पुलिस कर्मियों की भावनात्मक संदेश भी सामने आ रहे हैं। इसमें कहा जा रहा है कि आपकी रक्षा में तैनात ये जवान किसके आगे फरियाद करें।

Watch Video : https://youtu.be/EX9p8nwfXS0

माना ये भी जा रहा है कि बेशक ही आरक्षी के पद पर तैनात कर्मी खुद आंदोलन खड़ा नहीं कर सकते, लेकिन उनके परिवार वालों को नहीं रोका जा सकता। इतना तय है कि इस मामले में सरकार में भी खलबली है। एमबीएम न्यूज नेटवर्क को मिली जानकारी के मुताबिक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में सरकारी मैस में खाना न खाने के फैसले पर बड़ी संख्या में पुलिस कर्मी अडिग हैं। मंगलवार को मंत्रिमंडल की बैठक के बाद भी निराशा ही पैदा हुई।

अंदरखाते ये भी हैरानी जताई जा रही है कि मुख्यमंत्री के कहने के बावजूद भी इस मुद्दे पर बैठक नहीं हो सकी। उधर, कांग्रेस के युवा विधायक विक्रमादित्य सिंह इस मसले पर पुलिस कर्मियों के साथ खड़े हो गए हैं। इससे पहले विधायक राकेश सिंघा ने भी पुलिस कर्मियों की मांग को सही ठहराया था।

Filed Under: मुख्य समाचार, शिमला, हिमाचल प्रदेश Tagged With: Himachal News In Hindi, Himachal Police, HP Police, Shimla News

24 घंटे ड्यूटी करने वाले पुलिस वालों के अनुबंध का क्या, कर्मियों ने सरकारी मैस का त्यागा भोजन

November 27, 2021 by MBM News Network


शिमला, 27 नवंबर : ये साफ जाहिर है, जेसीसी की बैठक करवा सरकार ने 2022 के विधानसभा चुनाव के डैमेज को कंट्रोल करने की कोशिश की है। बेशक ही सरकार ने वेतन आयोग को लागू करने का बड़ा फैसला लिया है, लेकिन 24 घंटे जनता की सेवा के लिए तत्पर रहने वाले पुलिस कर्मी इस बैठक के फैसलों से नाखुश हैं।

ताजा जानकारी के मुताबिक सरकार के रवैये से नाराज 2015 के बाद विभाग में नियुक्तियां हासिल करने वाले कर्मियों ने पुलिस विभाग की सरकारी मैस में खाना न ग्रहण करने का निर्णय लिया है। उनका कहना है कि जब तक जायज मांगों को स्वीकार नहीं किया जाता, तब तक विभाग की सरकारी मैस में खाना ग्रहण नहीं किया जाएगा। इस निर्णय में कर्मचारियों के परिवार वाले भी साथ हैं। कर्मचारियों के परिजनों ने ये भी चेतावनी दी है कि अगर जायज मांगों को जल्द ही सरकार ने नहीं माना तो आने वाले चुनाव के मतदान में हिस्सा नहीं लेंगे व भाजपा का कड़ा विरोध करेंगे।

पुलिस कर्मियों का ये भी कहना है कि विभाग में तैनात अन्य कर्मचारी भी वेतन विसंगतियों से जूझ रहे कर्मचारियों का समर्थन कर रहे हैं।

बड़ा सवाल ये उठाया जा रहा है कि अनुबंध कर्मचारियों के नियमितीकरण की अवधि तीन साल से घटाकर दो साल की जा रही थी तो पुलिस कर्मियों के प्रोबेशन पीरियड को लेकर क्यों नहीं सोचा गया। विधायक राकेश सिंघा ने एक फेसबुक पोस्ट में पूछा कि पुलिस जवानों के 8 साल के काॅन्ट्रैक्ट का क्या हुआ, क्या वे कर्मचारी नहीं हैं। ये विदित है कि संगठित होने को लेकर पुलिस कर्मियों के हाथ बंधे हुए होते हैं, लिहाजा वो खुलकर सामने नहीं आ सकते। लेकिन पता चला है कि समूचे प्रदेश में 8 साल का प्रोबेशन पीरियड पूरा कर रहे पुलिस कर्मियों में इस बात को लेकर रोष है कि उनके बारे में क्यों नहीं सोचा गया।

पुलिस कर्मियों ने अंदरखाते कहा कि 2015 के बाद भर्तीशुदा कर्मचारियों में हताशा बढ़ती जा रही है। ये भी कहा जा रहा है कि नया वेतनमान लागू करने के दौरान उनकी मांगों को दरकिनार किया गया। साथ ही सौतेला व्यवहार भी हुआ। कर्मचारियों का ये भी कहना था कि पुलिस भी देश व प्रदेश का हिस्सा है। अन्य विभागों में अनुबंधकाल कम हो सकता है, लेकिन पुलिस विभाग के कर्मचारियों के वेतनमान की बढ़ोतरी की समय सीमा को कम नहीं किया जा सकता। कोविड संकट के दौरान 24 घंटे डयूटी पर तैनात रहने वाले पुलिस कर्मियों की अनदेखी सरकार को चुनाव में भारी पड़ेगी।

Filed Under: मुख्य समाचार, शिमला, हिमाचल प्रदेश Tagged With: CM Jairam Thakur, Himachal News In Hindi, Himachal Police, Shimla News

कांस्टेबल सन्नी का राजस्थान में भीषण सड़क हादसा…सलामती की मांगी जा रही दुआएं

November 11, 2021 by MBM News Network

नाहन, 11 नवंबर: राजस्थान के रतनपुर इलाके में संगड़ाह पुलिस में कार्यरत आरक्षी सन्नी कुमार को भीषण सड़क हादसे का सामना करना पड़ा है। वो इस समय पीजीआई चंडीगढ़ में जिंदगी व मौत के बीच जंग लड़ रहा है। कांस्टेबल की सलामती को लेकर दुआएं भी मांगी जा रही हैं, साथ ही उपचार में आर्थिक मदद के लिए मुहिम भी शुरू की गई है।

इसी बीच पुलिस महकमे के भीतर सुगबुगाहट भी चल रही है। इसके मुताबिक, कांस्टेबल सन्नी एक एनडीपीएस के मामले की जांच के विषय में राजस्थान गया था, लिहाजा वो ऑन डयूटी ही था। लेकिन रिकाॅर्ड में उसे ऑन लीव दिखाया गया है। सन्नी के सड़क हादसे का शिकार होने की सूचना 9 नवंबर की सुबह संगड़ाह पुलिस को मिली थी। पहले, सन्नी का उपचार राजस्थान में ही हो रहा था, लेकिन 10 नवंबर की शाम परिजन उसे पीजीआई चंडीगढ़ ले आए।

उधर, एमबीएम न्यूज से बातचीत में संगड़ाह के डीएसपी शक्ति सिंह ने कहा कि इस स्थिति में कांस्टेबल सन्नी के साथ पूरी पुलिस फोर्स खड़ी हैै। वो इस बात से हैरान हैं कि आरक्षी के ऑन डयूटी होने की भ्रांति फैलाई जा रही है। डीएसपी ने कहा कि सन्नी के होश में आने के बाद पूरी स्थिति खुद ही साफ हो जाएगी। डीएसपी ने बताया कि टाइफाइड के कारण सन्नी ने छुट्टी ली थी। इसके बाद 6 तारीख को ज्वाइनिंग देने के बाद दोबारा छुट्टी ले ली थी।

डीएसपी ने ये जरूर माना कि कई बार कर्मियों इंटरनल असाइनमेंट दी जाती है। ये कहना मुश्किल है कि वो छुट्टी लेकर अपनी इंटरनल असाइनमेंट को ही पूरा कर रहा था या नहीं। डीएसपी ने कहा कि कांस्टेबल सन्नी बेहतरीन कर्मी है, जिसके जल्द ही स्वस्थ होने की कामना करते हैं।

उधर, पीजीआई चंडीगढ़ से मिली जानकारी के अनुसार कांस्टेबल सन्नी की हालत स्थिर हो गई है। सफल सर्जरी के बाद तेजी से सुधार आ रहा है।

Filed Under: मुख्य समाचार, युवा, सिरमौर, हिमाचल प्रदेश Tagged With: Himachal News In Hindi, Himachal Police, Sirmour news

ADG SP सिंह को राष्ट्रपति पुलिस पदक, DIG मधु सूदन समेत 3 को पुलिस मैडल… 

August 14, 2021 by MBM News Network

शिमला, 14 अगस्त : हिमाचल प्रदेश पुलिस के एडीजी एसपी सिंह को स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य पर राष्ट्रपति पुलिस पदक और डीआईजी मधू सूदन समेत तीन अन्य पुलिस अधिकारियों को पुलिस पदक से नवाजा जाएगा। केन्द्रीय गृह मंत्रालय द्वारा स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जारी सूची के तहत एडीजी होमगार्ड एवं सिविल डिफेंस सतिंदर पाल एसपी सिंह को उत्कृष्ट कार्यों के लिए राष्ट्रपति पुलिस मेडल प्रदान किया गया है। 

वहीं डीआईजी सेंटर रेंज मंडी मधु सूदन, हमीरपुर के इंस्पेक्टर छोटा राम और मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात हेड कांस्टेबल भुपिंद्र कुमार को सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक के लिए चुना गया है। हर वर्ष पुरस्कारों की घोषणा स्वतंत्रता दिवस के मौके पर की जाती है। बाद में सभी राज्य सरकार सादे एवं गरिमापूर्ण समारोह में आयोजित कर पदक प्रदान करती है। मंडी के ऐतिहासिक सेरी मंच में रविवार को आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में पदक से सम्मानित किया जाएगा।

राष्ट्रपति पुलिस पद के लिए चुने गए एडीजी एसपी सिंह 1995 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। एसपी सिंह छह माह पहले केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के बाद हिमाचल लौटे हैं। होमगार्ड का जिम्मा संभालने के बाद उन्होंने बेहतरीन कार्य किया है। वह तेजतर्रार अधिकारियों में शुमार हैं। इसके अलावा डीआइजी सेंटर रेंज मंडी मधु सूदन, हमीरपुर के इंस्पेक्टर छोटा राम और मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात हेड कांस्टेबल भुपिंद्र कुमार को उनकी सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक से नवाजा जाएगा।

मधू सूदन हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला से संबंध रखते हैं। वह 2006 बैच के आईपीएस हैं। वहीं इस सम्मान को हासिल करने वाले छोटा राम एकमात्र इंस्पेक्टर हैं। वह हमीरपुर जिला में तैनात हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और डीजीपी संजय कुंडू ने चारों पुलिस अधिकारियों को बधाई दी है। 

Filed Under: मुख्य समाचार, शिमला, हिमाचल प्रदेश Tagged With: Himachal News In Hindi, Himachal Police, shimla hindi news

हिमाचल के इतिहास में पहली बार, मुख्यमंत्री को महिला पुलिस का ‘‘गार्ड ऑफ ऑनर’’

August 2, 2021 by MBM News Network

शिमला, 2 अगस्त : हिमाचल प्रदेश के इतिहास में पहली बार सूबे के मुख्यमंत्री को ‘‘सर्व महिला गार्ड ऑफ ऑनर’’ प्रदान किया गया। इसे स्वीकार करने का अवसर सूबे के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को राज्य विधानसभा के मॉनसून सत्र के प्रथम दिन हासिल हुआ।

महिला पुलिस का ‘‘गार्ड ऑफ ऑनर’’

इस मौके पर पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू भी मौजूद रहे। बता दें कि हाल ही में राज्य पुलिस ने वीरांगना ऑन व्हील की शुरुआत भी की थी। इसमें हरेक थाना में महिला कर्मियों को गश्त के मकसद के लिए टू व्हीलर भी उपलब्ध करवाए गए थे। उल्लेखनीय है कि सूबे के डीजीपी संजय कुंडू राज्य में कुछ हटकर करने का प्रयास  भी कर रहे हैं। गार्ड ऑफ ऑनर के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने महिला पुलिस कर्मियों की प्रशंसा भी की।

दीगर यह भी है कि प्रोटोकॉल के तहत सीएम को गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाता है। लेकिन पहाड़ी प्रदेश में अब तक कार्य में पुरुष पुलिस कर्मियों की ही टुकड़ी को तैनात किया जाता था।

Filed Under: हिमाचल प्रदेश Tagged With: Himachal News In Hindi, Himachal Police

शिलाई : 25 दिसंबर को चालान, 16 जनवरी को ऑनलाइन भुगतान…आ गया कोर्ट से समन

August 2, 2021 by MBM News Network

शिलाई, 2 अगस्त : कस्बे में नो पार्किंग के चालान के भुगतान को लेकर अमित चौहान ने सवाल उठाए हैं। इसके मुताबिक उनकी कार HP85-0119) का नो पार्किंग में चालान 25 दिसंबर 2020 को किया गया। इस चालान को ऑनलाइन के माध्यम से 16 जनवरी 2021 को भुगत लिया गया। ऑनलाइन चैक करने पर पुलिस विभाग की वैबसाइट पर कोई लंबित चालान नहीं दिखाया जा रहा है।

अमित का कहना है कि इसके बावजूद उन्हें कोर्ट से समन प्राप्त हुआ है। उनका ये भी कहना है कि शिलाई में दो-तीन परिचितों ने भी इसी तरह की घटना का जिक्र किया है। अमित का कहना है कि कोर्ट से समन मिलने पर दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।

इसी बीच पांवटा साहिब के डीएसपी वीर बहादुर ने एमबीएम न्यूज से बातचीत में इस मामले पर कहा कि अगर पुलिस को इसकी सूचना दी जाती है तो रिकाॅर्ड से कोर्ट को पुलिस के स्तर पर ही अवगत करवाया जा सकता है। इसमें चालान धारक कोे समन को लेकर चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।

Filed Under: सिरमौर, हिमाचल प्रदेश Tagged With: Himachal Police, Sirmour news

हिमाचल में ताबड़तोड़ शुरू हुई पर्यटक वाहनों की चैकिंग, मनाली रोड रेज घटना…

July 16, 2021 by MBM News Network

शिमला, 16 जुलाई : 14 जुलाई 2021 को मनाली की रोड रेज घटना के बाद पुलिस ने हिमाचल के प्रवेश द्वारों पर पर्यटकों के वाहनों की ताबड़तोड चैकिंग शुरू कर दी है। ताकि ये सुनिश्चित किया जा सके कि कोई भी पर्यटक लाठियों, तलवारों व अन्य हथियारों के साथ सूबे में दाखिल न हो सके।

वाहनों की चैकिंग करती पुलिस

हालांकि, आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई है लेकिन बताया जा रहा है कि पंजाब के पर्यटक वाहनों पर खास तौर पर निगरानी रखी जा रही है। मनाली से पहले मंडी में भी पंजाब के पर्यटकों ने हुडदंग मचाया था। मनाली की घटना सामने आने के बाद सूबे के डीजीपी संजय कुंडू ने वीरवार को ये आदेश जारी किए थे कि पर्यटकों के वाहनों की एंट्री के वक्त ही चैकिंग की जाए। साथ ही ये भी सुनिश्चित किया जाए कि इससे पर्यटकों को कोई दिक्कत न आए।

राज्य के प्रमुख पर्यटक स्थलों तक पहुंचने के लिए तीन बैरियर मुख्य हैं, इसमें परवाणु, मैहतपुर व सवारघाट इत्यादि हैं। वाहनों की चैकिंग के लिए पुलिस ने विशेष व्यवस्था की है। मंडी व मनाली की घटनाओं के बाद राज्य के लोगों में गुस्सा भी उपजा हुआ था। वो भी यही मांग कर रहे थे कि एंट्री के वक्त ही चैकिंग होनी चाहिए।

बताया जा रहा है कि वीरवार को पुलिस महानिदेशक के आदेश जारी होने के बाद से ही चैकिंग की व्यवस्था को लागू कर दिया गया था। फिलहाल, किसी भी वाहन से कोई हथियार बरामद होने की सूचना नहीं है।

Filed Under: मुख्य समाचार, शिमला, हिमाचल प्रदेश Tagged With: Himachal News In Hindi, Himachal Police

हिमाचल में लेडी कांस्टेबल की जांबाजी, हैड मास्टर का शव निकालने को 400 मीटर ढांक में उतरी

July 14, 2021 by MBM News Network

शिमला, 14 जुलाई : हिमाचल में लेडी कांस्टेबल मनीषा की जांबाजी व साहस चर्चा में है। हो भी क्यों न, हर कोई 400 मीटर खड़ी ढांक में उतर कर शव निकालने से डर रहा था। ढांक में फंसे शव को निकालना संभव नजर नहीं आ रहा था। ऐसे में लेडी कांस्टेबल मनीषा की कोशिश व साहस ने इसे मुमकिन कर दिखाया। दरअसल, लाहौल के उदयपुर उपमंडल की चुलिंग गांव में एक मारूति कार दुर्घटना का शिकार हो गई। वाहन चनाब नदी में समा चुका था, मगर शिक्षा विभाग के हैड मास्टर का शव ढांक में फंस गया।

लेडी कांस्टेबल मनीषा

पुलिस विभाग के उदयपुर में तैनात आरक्षी मनीषा हिम्मत दिखाकर टीम के साथ ढांक में उतर गई। उपायुक्त भी मौके पर जायजे के लिए पहंुचे थे। मूलतः दुर्गम क्षेत्र तिंदी में मेहर चंद के घर जन्मी मनीषा की हिम्मत की दाद हिमाचल प्रदेश पुलिस मुख्यालय ने भी दी है। हैड कांस्टेबल प्रवीण ने भी इस ऑपरेशन में मनीषा का सहयोग किया।

बता दें कि 22 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शव को मंगलवार दोपहर निकाला जा सका था। जानकारी के मुताबिक लेडी कांस्टेबल मनीषा बाॅक्सिंग की कई प्रतियोगिताओं में भी राष्ट्रीय स्तर पर लाहौल का नाम रोशन कर चुकी है। हर कोई मनीषा के अदम्य साहस की प्रशंसा कर रहा है।

इसी बीच लाहौल के एसपी मानव वर्मा ने भी मनीषा की तारीफ की है। एसपी ने भी मीडिया बयान में कहा है कि जिस जगह से शव को बरामद किया गया, वहां जाने से पुलिस कर्मियों के साथ-साथ स्थानीय लोग भी डर रहे थे। लेकिन मनीषा की हिम्मत की बदौलत शव को निकाला जा सका है। उम्मीद की जानी चाहिए कि जल्द ही हिमाचल पुलिस द्वारा लेडी कांस्टेबल मनीषा को डीजीपी डिस्क अवार्ड से अलंकृत किया जाएगा।

Filed Under: कुल्लू, मुख्य समाचार, युवा, शिमला, हिमाचल प्रदेश Tagged With: Himachal News In Hindi, Himachal Police, Shimla News

भाजपा ज्वाइन करते ही करनैल राणा को पार्टी ने सौंपी ये कमान…

July 1, 2021 by MBM News Network

शिमला, 01 जुलाई : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने आज संगठन के विस्तार हेतु 2 नियुक्तियां की है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने ज्वालामुखी मंडल से संबंध रखने वाले लोकप्रिय गायक करनैल राणा को हिमाचल प्रदेश सांस्कृतिक प्रकोष्ठ का प्रदेश संयोजक नियुक्त किया है। यह प्रकोष्ठ हिमाचल प्रदेश की संस्कृति को लेकर अनेक गतिविधियों में कार्य करता है। 

करनैल राणा ने कल भाजपा कार्यसमिति के दौरान भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की थी उनके साथ वन मंत्री राकेश पठानिया एवं पूर्व मंत्री रविंद्र रवि उपस्थित रहे थे।

इसी प्रकार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र से संबंध रखने वाले पूर्व मंत्री रूप दास कश्यप को बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ का प्रदेश संयोजक नियुक्त किया है इस प्रकोष्ठ की समाज में अहम भूमिका है । अब भारतीय जनता पार्टी के कुल मिला के 16 प्रकोष्ठों का गठन हो चुका है ।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने कहा की इन नियुक्तियों से भाजपा को प्रदेश में बल मिलेगा और भाजपा का कार्य सुदृण रूप से आगे बढ़ेगा। 

Filed Under: राजनैतिक, शिमला, हिमाचल प्रदेश Tagged With: BJP Himachal, Himachal Police, Shimla News

  • Go to page 1
  • Go to page 2
  • Go to page 3
  • Interim pages omitted …
  • Go to page 7
  • Go to Next Page »

Copyright © 2022